सरधना। कालंद चुंगी के निकट मोहल्ला धर्मपुरा निवासी हाजी नत्थू पुत्र शमशेरद्दीन की पावरलूम फैक्ट्री है। रविवार देर सायं शार्ट सर्किट से पावरलूम फैक्ट्री में आग लग गई। लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। बताया कि फैक्ट्री में लगी आग से करीब पचास हजार रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया।
पीड़ित दुकानदारों से मिले विधायक
सरधना। अशोक स्तंभ पुलिस चौकी के निकट हाल ही में करीब एक दर्जन दुकानों में विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। इस मामले में रविवार को विधायक संगीत सोम पीड़ित दुकानदारों से मिले और उन्हें जल्द शासन से मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान दुकानदारों ने बताया कि उनकी दुकानों में पूर्व में भी आग लगी थी, लेकिन मुआवजा अभी तक नहीं मिल सका है। विधायक संगीत सोम ने जल्द ही उनकी आर्थिक मदद कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान विनोद सोम, विनोद मैनेजर, सचिन खटीक, प्रवीण जैन आदि मौजूद रहे।