वित्तविहीन स्कूलों के मानदेय पर चर्चा
मोदीपुरम। माध्यमिक वित्तविहीन महासभा की बैठक शनिवार को पल्लवपुरम में आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश स्तर के वित्तविहीन स्कूलों के मानदेय पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलेगा।
शनिवार को माध्यमिक वित्तविहीन महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह वर्मा के आवास पर बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता महासभा के संस्थापक अध्यक्ष लियाकत अली व उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर पर माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षकों के लिए दस वर्षों से महासभा लड़ाई लड़ रही है, लेकिन अभी तक शिक्षिकों को मानदेय देने का रास्ता साफ नहीं किया गया है। सपा सरकार ने भी मानदेय देने का वादा किया था, लेकिन एक साल मानदेय देकर ही खानापूर्ति कर दी। स्कूलों की हालत दिन प्रतिदिन गिरती जा रही है, शिक्षक भुखमरी के कगार पर पहुंच रहे है। मानदेय को लेकर महासभा लगातार शिक्षकों के हित में लड़ाई लड़ रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि हाल ही में भाजपा से राज्यसभा सांसद बने व शिक्षक नेता अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेगा और प्रदेश के वित्तविहीन शिक्षकों की मांगों का मांगपत्र उन्हें सौंपेगा। बैठक में देशपाल गुर्जर, संजीव नागर, रामधन, राजपाल सिंह, प्रवीन कुमार, राधेश्याम सिंघल, योगेंद्र गुर्जर, जनेश्वर सैनी, नीरज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
जल्द सीएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल