मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर सभी वकील 27 मई को बागपत में प्रधानमंत्री की रैली में प्रदर्शन करेंगे। मेरठ बार एसोसिएशन की कचहरी स्थित पं. नानक चंद सभागार में शुक्रवार को आयोजित हुई आवश्यक बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जानी एवं संचालन महामंत्री देवकीनंदन शर्मा ने किया। महामंत्री के अनुसार बैठक में सभी अधिवक्ताओं से विचार विमर्श के बाद तय किया गया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति से जुड़े सभी 22 जनपदों के वकील एवं संबंधित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के समक्ष बेंच की मांग रखेंगे। इसकी तैयारियों के संबंध में आवश्यक सभा शनिवार दोपहर दो बजे कचहरी में बुलाई गई है।
बैठक में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव नागर व महामंत्री प्रवीण कुमार सुधार, मेरठ बार के पूर्व अध्यक्ष एमपी शर्मा, डॉ. ओपी शर्मा, अजय त्यागी, गजेंद्र सिंह धामा, अशोक शर्मा, उदयवीर राणा, सतीश चंद गुप्ता, केपी शर्मा, जितेंद्र सिंह बना, चौ. राज सिंह, रविकांत भारद्वाज, सतीश शर्मा, सुधीर पंवार, प्रबोध शर्मा, पीतांबर त्यागी, नीरज सोम, रजत पालीवाल, प्रवीण कौशिक आदि उपस्थित रहे।