कचहरी परिसर में कल रहेगी तालाबंदी
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की शीघ्र स्थापना की मांग को लेकर कल 24 मई को कचहरी में तालाबंदी रहेगी। आंदोलन से जुड़े वेस्ट यूपी के 22 जिलों के अधिवक्ता इस दिन शामली में मुख्यमंत्री की सभा में पहुंचकर आंदोलन करेंगे।
यह निर्णय मंगलवार को कचहरी के पं. नानक चंद सभागार में आयोजित मेरठ बार, जिला बार एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों की बैठक में लिया गया। जिसकी अध्यक्षता बार अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जानी व राजीव नागर तथा संचालन महामंत्री देवकी नंदन शर्मा व प्रवीण सुधार ने किया। बैठक में तय हुआ कि 24 मई को सभी अधिवक्ता और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर सुबह आठ बजे शामली के लिए कूच करेंगे। जिसके चलते कचहरी में सभी चैंबर और दुकानें बंद रहेंगी। टाइपिस्ट, दस्तावेज लेखक, लिपिक अधिवक्ता कोई भी कार्य नहीं करेंगे। इस दिन जो भी अधिवक्ता कचहरी में कार्य करता पाया जाएगा तो बार एसोसिएशन की तरफ से उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए एक हजार रुपये अर्थदंड वसूला जाएगा। वहीं, इस आंदोलन में आम लोगों से भाग लेने की अपील करते हुए संघर्ष समिति द्वारा महानगर में भी प्रचार अभियान चलाया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में आईएमए के अध्यक्ष डॉ. मेधावी तोमर, भाकियू से कुलदीप त्यागी, सेंट्रल यूनियन वेलफेयर के अध्यक्ष एसके शर्मा, दस्तावेज यूनियन के अध्यक्ष मनोज कुराली, एंटी करप्शन मूवमेंट से हेमा सिंह, उपाध्यक्ष अकरम गाजी, उप्र उद्योग व्यापार मंडल से विष्णु दत्त पाराशर, आह्वान जन सेवा समिति से अरुण कुमार, नवनीत शर्मा, क्लर्क एसोसिएशन के अध्यक्ष बुुंदू खां, महामंत्री अरविंद गुप्ता, दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ से राजेश व सचिव सुभाष चंद, सुरभि परिवार के दिनेश तलवार, कचहरी पुल व्यापार संघ से जितेंद्र कुमार अग्रवाल, आशीष चौरसिया ने भाग लिया। वहीं अधिवक्ताओं में बार के पूर्व अध्यक्ष एमपी शर्मा, डॉ. ओपी शर्मा, अजय त्यागी, गजेंद्र सिंह धामा, गजेंद्र पाल सिंह, डीडी शर्मा, अशोक शर्मा, पूर्व महामंत्री केपी शर्मा, अजय शर्मा, प्रबोध शर्मा, अनिल जंगाला, पीतांबर सिंह त्यागी, हर्ष चौधरी, सिद्धार्थ सिंह, नीरज सोम, मनोज बंसला आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
हाईकोर्ट बेंच आंदोलन के लिए 24 मई को शामली पहुंचेंगे 22 जिलों के अधिवक्ता