निवस्त्र होकर नहाने वालों के खिलाफ चलाया अभियान
जानीखुर्द। भोला झाल पर पुलिस ने सोमवार को शराब पीकर उधम मचाने, नग्न होकर नहाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने सभी को पहली बार पकडे़ जाने पर सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया।
भोला झाल पर गर्मी के दौरान बड़ी संख्या में युवक नहाने आते है। आरोप है इनमें से काफी संख्या में युवक शराब का सेवन कर नहाते है। जिसके चलते कई बार नशे में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी है। वहीं शराब के नशे में नहाने आए युवक हुड़दंग करते है। सोमवार को जानी थाना प्रभारी प्रेमचंद्र शर्मा ने पुलिस कर्मियों के साथ भोला झाल पर अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने शराब पीकर, नग्न होकर नहाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। जानी थाना प्रभारी प्रेमचंद्र शर्मा के अनुसार आज पकडे़ गए युवकों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अगली बार पकडे़ जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नग्न नहा रहे युवक को पुलिस ने जेल भेजा
जानीखुर्द। जानी भोला झाल पर नग्न नहा रहे एक युवक का महिलाओं ने विरोध किया। युवक के नहीं मानने पर महिलाओं ने उसकी पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। सोमवार को पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया। भोला झाल पर स्थित एक राजवाहे में रविवार की देर शाम कुछ युवक नग्न होकर नहा रहे थे। इस दौरान वहां शाम के समय घूम रही महिलाओं ने इसका विरोध किया। लेकिन युवक नहीं मानें। महिलाओं ने मौके से एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। सोमवार को पुलिस ने पकड़े गए युवक सोनू निवासी ब्रह्मपुरी मेरठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।