अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम। हाइवे पर शुक्रवार को एक युवक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। युवक जलता हुआ चिल्लाते हुए दौड़ता रहा। वहीं लोग उसे बचाने के बजाय उसकी वीडियो बनाते रहे। जब वह बेहोश होकर गिर गया तो काफी देर बाद व्यापारियों ने आग बुझाई। इस दौरान एक व्यापारी का हाथ भी जल लग गया। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस का इंतजार करती रही। बाद में ई-रिक्शा से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पल्लवपुरम फेज दो की डबल स्टोरी निवासी राहुल पुत्र खजान सफाई कर्मी है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे वह चौहान मार्केट के सामने हाइवे पर पहुंचा। इस दौरान उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगा ली। आग लगते ही वह चिल्ला चिल्ला कर दौड़ने लगा। इसके बाद मार्केट में आकर गिर गया। वहीं वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने युवक को देखते रहे। इस बीच हिम्मत कर व्यापारी सूरजमल ने युवक के कपड़े फाड़े और अन्य व्यापारियों ने पानी डालकर आग बुझाई। आग से सूरजमल का हाथ भी झुलस गया। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस पूछताछ करने में जुट गई। बाद में मोदीपुरम चौकी इंचार्ज उपेंद्र मलिक पहुंचे और उसे ई रिक्शा से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने बताया कि राहुल ने एक युवक पर उसे आग लगाने का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों ने इससेे इंकार किया है।
काफी भीड़ रहती है
जिस स्थान पर राहुल ने खुद को आग लगाई, वहां पर रिक्शा और ई रिक्शा खड़ी रहती हैं। काफी भीड़ भी होती है, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं ती। लोग उसकी वीडियो बनाते रहे और वह करीब 15 से 20 मिनट तक जमीन पर पड़ा रहा।
परिजनों से पूछताछ के बाद मालूम हुआ कि युवक शराब पीने का आदि है। उसने स्वयं ही तेल उडे़लकर आग लगाई है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक के भाई ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया। दिलीप कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर पल्लवपुरम