मेरठ। मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा बुलाई गयी आमसभा व महामंत्री द्वारा आमसभा न होने के बाद चला आ रहा तीन दिन पुराना विवाद सोमवार दोपहर समाप्त हो गया। वहीं, अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई आमसभा में दो अप्रैल की हिंसा को लेकर निष्कासित किए गए छह वकीलों की सदस्यता को बहाल कर दिया गया।
पहली बैठक मेरठ बार के पूर्व अध्यक्ष सतप्रकाश रस्तौगी, चौ. ब्रह्मपाल सिंह, गजेंद्र सिंह धामा, डॉ. ओपी शर्मा, गजेंद्र पाल सिंह, अशोक शर्मा, चौ. धीर सिंह, महेंद्र पाल शर्मा, महामंत्री कुंवरपाल शर्मा, जितेंद्र सिंह बना, ब्रजभूषण गर्ग नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जानी व महामंत्री देवकी नंदन शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्ण सिंह, मांगेराम जुनैद सिद्दीकी आदि द्वारा आयोजित की गई। जिसमें बार के पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाया तथा एसोसिएशन की एकता पर बल दिया। जिसके बाद आम सभा का विवाद समाप्त हो गया। यह जानकारी बार के महामंत्री प्रबोध शर्मा ने दी।
आम सभा में ये प्रस्ताव पारित
मध्याह्न करीब तीन बजे मेरठ बार एसोसिएशन की अध्यक्षता और महामंत्री के संचालन में पं. नानक चंद सभागार में आमसभा का आयोजन हुआ। जिसमें रखे गए प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इन प्रस्तावों में बीती दो अप्रैल को कचहरी परिसर में हुए बवाल के कारण जिन वकीलों के वाहन आदि को क्षति पहुंची थी, उनकी सूची बनाकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजकर क्षतिपूर्ति करायी जाएगी। इसके लिए पीड़ित अपने प्रार्थनापत्र बार एसोसिएशन में जमा कराएंगे। इस बवाल के बाद तीन अप्रैल को मेरठ बार एसोसिएशन की आमसभा में जिन छह वकीलों का निष्कासन करते हुए नोटिस जारी किए गए थे, वह वापस लिए गए। उन सभी वकीलों की मेरठ बार एसोसिएशन की सदस्यता बहाल की गई। वहीं, हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत आगामी 10 मई को दिल्ली कूच करने के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया। साथ ही तय हुआ कि हाईकोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति की बैठक बुलाकर अग्रिम निर्णय लिया जाएगा।
आज होगा शपथ ग्रहण
मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री ने बताया कि मेरठ बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जानी एवं नवनिर्वाचित महामंत्री देवकी नंदन शर्मा एवं कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आज मंगलवार दोपहर दो बजे पं. नानक चंद सभागार में आयोजित होगा।