क्रय केंद्र पर तौल नहीं से किसानों का हंगामा
फलावदा। ग्राम झिंझाड़पुर में खतौली शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। गन्ना क्रय केंद्र पर दो दिन से तौल बंद होने से क्षुब्ध किसानों ने बृहस्पतिवार को हंगामा किया। किसानों ने मिल अधिकारियों पर गन्ने की पर्ची समय से न देने पर लापरवाही का आरोप लगाया है। काफी संख्या में किसान गन्नों से भरी बुग्गियों को लेकर शाम तक तौल चालू होने का इंतजार करते रहे।
ग्राम झिंझाड़पुर के गन्ना क्रय केंद्र पर दो दिन से तौल न होने के कारण किसानों ने हंगामा कर दिया। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र पर दो दिन से तौल नहीं हो रही है। जबकि गन्ने की पर्ची मिल अधिकारी अपनी जेब में लेकर घूम रहे हैं। गन्ना खेतों में खड़ा है जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिल अधिकारियों की लापरवाही से क्षुब्ध होकर गन्ना किसानों ने क्रय केंद्र पर हंगामा कर दिया। किसानों की मांग थी कि अभी एक सप्ताह और तौल चालू रहे तो सारा गन्ना मिल तक पहुंच जाएगा। हंगामे बाजी के चलते काफी संख्या में किसान बुग्गी में गन्ना भरकर क्रय केंद्र पर पहुंच गए। शाम तक किसान गन्ने की बुग्गी क्रय केंद्र पर लेकर खडे़ रहे लेेकिन तौल चालू नहीं हो सकी। किसानों ने डीएम अनिल ढींगरा से फोन पर अपनी समस्या बताई तो डीएम अनिल ढींगरा ने किसानों की समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
आंधी से टूटे विद्युत पोल, बिजली आपूर्ति बाधित
फलावदा। रात्रि में आंधी तूफान व बारिश होने के कारण क्षेत्र के ग्राम मंदवाडी, कुंडा, नंगला काटर व फलावदा बिजलीघर पर विद्युत पोल टूट गए। जिससे दर्जनों गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत पोल टूटने की सूचना पर बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली के तार जुड़वाकर आपूर्ति चालू कराई।
लाखों रुपये का हाईमास्ट पोल गिरा
फलावदा। कस्बे के मोहल्ला कानी पट्टी में नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च कर लगाया गया हाईमास्ट पोल गिर गया। जिस समय पोल गिरा उस समय वहां काफी बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कहीं बड़ा हादसा नहीं हुआ।
कस्बे के मोहल्ला कानी पट्टी में नतगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च कर लगाया गया हाईमास्ट पोल एक आंधी भी बर्दाश्त नहीं कर सका। आंधी के कारण पोल सड़क किनारे गिर पड़ा। मोहल्लेवासियों का कहना है कि पोल लगाने के कुछ ही दिन बाद पोल नीचे से गल गया था। जिसकी शिकायत नगर पंचायत में की गई थी। लेेकिन नगर पंचायत कर्मचारियों ने ऐसे ही ईंट लगाकर उसे ढक दिया। बुधवार को तेज आंधी के कारण वह अचानक गिर पड़ा। पूर्व चेयरमैन का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर पोल तैयार कराया था जिसकी ऊंचाई व मोटाई मानक के अनुसार नहीं थी।