राहुल गांधी के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में प्रार्थनापत्र
मेरठ। अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर भगवान शिव के विषय में अपमानजनक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थनापत्र दाखिल किया है। सीजेएम अभय प्रकाश नारायण ने थाना ब्रह्मपुरी से आगामी 11 मई के लिए रिपोर्ट तलब की है।
शिकायतकर्ता अभिषेक अग्रवाल निवासी शिविर कार्यालय श्री राधाकृष्ण मंदिर शारदा रोड ब्रह्मपुरी ने प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पार्टी के 84वें अधिवेशन में हिंदुओं के पूज्य महादेव के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी राजनैतिक चुनाव जीतने के लिए हिंदू जाति के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। देवी-देवताओं को नीचा दिखा रहे हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई। अभिषेक के अधिवक्ता गिरजा शंकर शर्मा ने बताया कि उन्होंने अदालत से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
खास बातें:
भगवान शिव के विषय में अपमानजनक शब्द कहने का आरोप
हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष के प्रार्थनापत्र पर कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट