मवाना। किसान मजदूर उत्थान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गोकशी के झूठे आरोप में जेल भेजे नरेंद्र की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने डीजीपी के नाम एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने पर एक मई से आमरण अनशन पर शुरू करने की चेतावनी दी है।
किसान मजदूर उत्थान मोर्चा के अध्यक्ष विनोद गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। सदस्यों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करके धरना दिया। विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस ने डौरली निवासी नरेंद्र और उसके साथियों को गोकशी के झूठे मामले में जेल भेजा। उन्हें थर्ड डिग्री देकर झूठा कबूल कराया। पुलिस की इस बर्बरता के चलते नरेंद्र की जेल में मौत हो गई। ठाकुर कमल सिंह ने कहा कि इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, दरोगा धर्मेंद्र, सिपाही ओमकार और होमगार्ड ओमपाल के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो वे एक मई से आमरण अनशन शुरू कर देंगे। मोर्चा ने डीजीपी के नाम ज्ञापन एसडीएम के नहीं मिलने पर उनके कार्यालय में सौंपा। इस मौके पर सुरेंद्र, पवन त्यागी, जिले सिंह, संग्राम सिंह, ओमप्रकाश, श्यामवीर, राजकिशोर, धनपाल, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।
अपराध करने वाले बख्शेंगे नहीं जाएंगे
गोकशी के आरोप में जेल भेजे गए चार में से एक नरेंद्र की मौत के बाद थाना प्रभारी ब्रजेश कुशावाहा समेत एक दरोगा, कांस्टेबल तथा होमगार्ड को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। इसके बाद नए थाना प्रभारी के रूप में धर्मेंद्र सिंह ने गुरुवार दोपहर मवाना थाने पहुंचकर चार्ज ले लिया। इसके पश्चात उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मी समय से थाने पहुंचें और गश्त करें।
मामूली कहासुनी में भाई पर हमला
मवाना। ग्राम पहाड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर अपने भाई पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है।
ग्राम पहाड़पुर निवासी रामकुमार पुत्र जयपाल ने बताया कि वह आज अपने खेत पर काम करने जा रहा था। रास्ते में भाई ओमकुमार का मकान है। इस दौरान वह भाई से बात करने लगा। किसी बात को लेकर भाई ओमकुमार, भाभी बबीता ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और धारदार हथियार से हमला करके उसे घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल का सीएचसी दौराला में उपचार कराया। एसएसआई करतार सिंह का कहना है कि तहरीर ले ली गई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जायेगी।
महिला गंभीर रूप से घायल
मवाना। ग्राम ततीना निवासी नरेंद्र की पत्नी दयावती बुधवार देर रात भैंसा-बुग्गी से घर लौट रही थी। माढ़ी के निकट सामने से भैंसा बुग्गी पर सवार बिजेंद्र और जयवीर आ रहे थे। उन्होंने दयावती की भैंसा-बुग्गी में टक्कर मार दी और भाग निकले। इससे दयावती गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला बृहस्पतिवार को अपने पति के साथ थाने पहुंची तथा तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रामराज में बिजली चोरी पकड़ी
बहसूमा। रामराज बिजलीघर के अवर अभियंता इंद्रमणि ने बृहस्पतिवार को विजिलेंस टीम के साथ छापेमारी की। टीम ने यहां पर मीटर से अलग केबल डालकर की जा रही बिजली चोरी पकड़ी। टीम ने सुनील पुत्र इंद्रराज और वेदपाल पुत्र मिर्ची निवासी मास्टर कॉलोनी रामराज, कंवरपाल पुत्र महाराम निवासी मंदिर वाली गली, संजय पुत्र ओमप्रकाश निवासी नित्यापुरी को घरेलू बिजली चोरी करते पकड़ा। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता इंद्रमणि ने उक्त सभी लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, थानाध्यक्ष अजय कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी।