मवाना रोड स्थित बालमुकंद जनता इंटर कॉलेज सनौता के शिक्षकों में अरसे से गुटबाजी के चल रही है। इसके चलते ये एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है।
ग्राम सनौता के बालमुकंद जनता इंटर कॉलेज में शिक्षक दो गुटों में बंटे हैं। ये एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर नीचा दिखाने में लगे हैं। बहरहाल इससे छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। वहीं, प्रधानाचार्य जगपाल भाटी का कहना है कि उन्हें इसकी काफी समय से शिकायत मिल रही थी। इस पर उन्होंने कई बार शिक्षकों को समझाया, लेेकिन वे इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस बाबत कई छात्राओं बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य से शिक्षकों के व्यवहार की लिखित शिकायत की। इस पर प्रधानाचार्य ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए छात्राओं की समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व दो शिक्षकों पर सहायक अध्यापक उदयभान गुप्ता ने लॉकर से दस हजार रुपये निकालने का भी आरोप लगाया था। इसकी जांच रिपोर्ट कमिश्नर, जिला विद्यालय निरीक्षक, एसएसपी को सौंपी थी। इन दोनों के खिलाफ कई बार अनुशासनहीनता की जिला विद्यालय निरीक्षक को रिपोर्ट भेजी गई। इसमें समय से स्कूल नहीं पहुंचना, छात्र-छात्राओं से अभद्रता, मिड डे मील की जिम्मेदारी नहीं निभाने की शिकायत की गई थी। प्रधानाचार्य जगपाल सिंह भाटी ने बताया कि उन्होंने उक्त शिक्षकों को लिखित में क्षमा मांगने तथा भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया था। वह छात्राओं के साथ हुई घटना को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। इस घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।
वहीं, इस संबंध में सहायक अध्यापक हरीश कुमार और अरविन्द कुमार का कहना है कि प्रधानाचार्य द्वारा लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। स्कूल प्रांगण में एक अध्यापक द्वारा शराब पीने का विरोध करना उन्हें भारी पड़ रहा है। छात्राओं को उकसाकर उनके खिलाफ लिखित में शिकायत ली गई है।
मुख्य बातें
सनौता के बालमुकुंद इंटर कॉलेज के शिक्षक एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप
छात्राओं ने प्रधानाचार्य से की शिक्षकों के व्यवहार की लिखित में शिकायत