हापुड़ रोड पर गांव धनौटा के सामने रोडवेज बस ने बुधवार देर रात एक कार को टक्कर मार दी। जिसमें कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार में फंसे दोनों शवों तथा तीनों घायलों को बॉडी काटकर बाहर निकाला और स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। तीनों घायलों को बाद में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव कैली निवासी खाने सिंह की बेटी मनीषा का बुधवार को विवाह था। बारात गंगानगर थाना क्षेत्र के गांव अम्हेड़ा से आई थी। चढ़त के बाद काफी बाराती लौट गए। जिसमें कार सवार दूल्हे के दोस्त रविकांत (23) पुत्र सेंसरपाल निवासी अम्हेड़ा, कार चालक अतुल (30) पुत्र ब्रजमोहन निवासी गंगानगर, आशु पुत्र बाबूराम और उसका छोटा भाई अनिल निवासीगण छिलोरा थाना भावनपुर और बबलू पुत्र राजपाल निवासी खतौली भी रात्रि में ही लौटने लगे। रात करीब दो बजे कार हापुड़-मेरठ रोड पर गांव धनौटा स्थित लोहिया फार्म हाउस के सामने पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही सोहराब गेट डिपो की बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार के परखचे उड़ गए। हादसे में कार चालक अतुल और उसकी बगल में बैठे रविकांत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे सीट पर बैठे बबलू, आशु और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद सड़क पर जाम लग गया। राहगीरों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर एएसपी अमित कुमार आनंद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगारों की मदद से कार में फंसे दोनों शवों एवं तीनों घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों घायलों को सरकारी एंबुलेंस से खरखौदा सीएचसी में भर्ती कराया, लेकिन घायलों की हालत गंभीर होने पर उनके परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। उधर, चालक रोडवेज बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक रविकांत के चचेरे भाई रमाकांत पुत्र प्रह्लाद ने रोडवेज बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, घायलों की भी हालत गंभीर बताई गई है।
सैकड़ों बाराती मौके पर पहुंचे
शादी समारोह में चढ़त के बाद सभी बाराती घर जाने की तैयारी में थे। उन्हें हादसे में दो की मौत एवं तीन के घायल होने की जानकारी मिली तो वे सैकड़ों की संख्या में मौके पर पहुंच गए।
एएसपी ने संभाली बचाव कार्य की कमान
हादसे में कार के परखचे उड़ गए। जिससे कार में दो शव एवं तीन घायल फंस गए। इसकी जानकारी पाकर थाने का चार्ज देख रहे एएसपी अमित कुमार आनंद मयफोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहगीरों की मदद से कार की बॉडी कटवाकर शवों तथा घायलों को बाहर निकाला।
रोड निर्माण भी बनी हादसे की वजह
मेरठ से हापुड़ के बीच कई जगह राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया जा रहा है। जिससे पुरानी रोड पर जगह-जगह अवरोध उत्पन्न हो रहा है। खरखौदा से फफूंडा के बीच भी राजमार्ग का निर्माण जारी है। एनएचएआई ने करीब चार किलोमीटर सड़क तैयार कर उस पर वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया है। सड़क के आधे हिस्से में निर्माण चल रहा है। राजमार्ग पर जगह-जगह अवरोध भी हादसे का सबब बन रहे हैं।
मुख्य बातें
ग्राम कैली में आई बारात से लौटते समय हापुड़ रोड पर धनौटा गांव के सामने हुआ हादसा
पुलिस ने शवों और घायलों को कार की बॉडी काटकर बाहर निकाला, सीएचसी भेजा
मृतक के चचेरे भाई ने रोडवेज बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई