दौराला(मेरठ)।
थाना क्षेत्र के दादरी गांव के निकट बुधवार देर रात एक कार ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसी। हादसे में कार सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने टोल एंबुलेंस कर्मियों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सहारनपुर जिले के थाना मंडी सहाय सराफ बाजार होली चौक निवासी अमित (30) पुत्र हरेंद्र शर्मा बीती रात अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से मेरठ से सहारनपुर लौट रहा था। देर रात करीब ढाई बजे वह दादरी चौकी के निकट पहुंचा तो कार के आगे चले रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे अमित की कार ट्रॉली के नीचे घुस गई। हादसे में अमित की मौके पर ही मौत हो गई। इससे हाईवे पर जाम लग गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉला लेकर मौके से फरार हो गया। हाईवे पर हुए हादसे की जानकारी अन्य वाहन स्वामियों ने दादरी पुलिस चौकी पर दी। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज जगवीर एवं टोल एंबुलेंस कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को किसी तरह कार से बाहर निकाला। मृतक के पास से मिले मोबाइल नंबर एवं पहचान पत्र से उसकी पहचान अमित के रूप में की गई। मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साले शिवम शर्मा ने अज्ञात के खिलाफ दौराला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
मुख्य बातें
दौराला थाना क्षेत्र के गांव दादरी के निकट हाइवे पर बीती रात हुई दुर्घटना
कार ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसी