संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रांतीय महामंत्री लोकेश अग्रवाल के साथ बीती दो अप्रैल को मवाना में भारत बंद के दौरान व्यापारियों से लूट, तोड़फोड़ एवं मारपीट की घटना की जानकारी ली। इस दौरान हुए नुकसान का भी जायजा लिया। इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी जाएगी।
संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रांतीय महामंत्री लोकेश अग्रवाल तथा युवा के प्रांतीय मंत्री इसरार सिद्दीकी ने दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान व्यापारियों से लूट, तोड़फोड़ एवं मारपीट की घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल पहले किला परीक्षितगढ़ बस स्टैंड पर प्रधान प्रोविजन स्टोर पर पहुंचा। दुकानदार ने बताया कि उसके यहां से 22 हजार रुपये एवं करीब 60 हजार रुपये का सामान लूटा गया है। इसके बाद व्यापारी मुख्त्यार सिंह, सौरभ गोला से वस्तुस्थिति को जाना। हालांकि न्यू प्रकाश इलेक्ट्रोनिक्स, महेंद्र क्लाथ स्टोर, दयानंद बाजार में रेडिमेड कपडे़ की दुकानें बुधवार होने के कारण बंद मिलीं। इन दुकानदारों से फोन पर स्थिति की जानकारी ली तथा रिपोर्ट तैयार की। अध्यक्ष शैवाल दुबलिश ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे मिलने का समय लिया हुआ है। यह रिपोर्ट उनको सौंपी जाएगी। जिसमें घायल व्यापारी को पांच हजार रुपये तथा नुकसान का आकंलन कर 5 लाख रुपये तक मुआवजे की मांग की जाएगी। इस दौरान इनके साथ महामंत्री नदीम, मांगेराम मित्तल, जियाउल हक आदि शामिल थे।
मुख्य बातें
व्यापारी नेता बनवारी लाल कंच्छल बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंपेंगे
पांच लाख रुपये तक मुआवजे की मांग की जाएगी