कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार को सरकारी अनाज से लदा छोटा हाथी पकड़ लिया। इसकी जानकारी पाकर आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने गाड़ी में रखे अनाज के बोरों की जांच करने के बाद गाड़ी में मिले दोनों लोगों को पुलिस हिरासत में दे दिया। अधिकारियों ने गाड़ी में सवार दोनों लोगों के बयान भी नोट कर लिये। आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने गोदाम की भी जांच की है।
आपूर्ति निरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर को उन्हें जानकारी मिली कि कालाबाजारी के लिए गेहूं एवं चावलों के बोरों से लदा छोटा हाथी खरखौदा स्थित राजकीय गोदाम से मेरठ टीपीनगर जा रहा है। कुछ लोगों ने हापुड़ रोड पर जाहिदपुर मोड़ के निकट छोटे हाथी को स्वयं पकड़ लिया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा अनाज से लदे छोटे हाथी को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी ले गई। बाद में भीड़ की सूचना पाकर क्षेत्रीय आपूर्ति निरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए गाड़ी चालक लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्याम नगर निवासी अफजल पुत्र अमजद एवं दूसरा नदीम दोनों के आपूर्ति निरीक्षक धर्मेंद्र ने बयान नोट किए। जिसमें दोनों ने बताया कि खरखौदा गोदाम से वह गाड़ी में 50 बोरे गेहूं एवं चावल लेकर टीपीनगर स्थित एक फ्लोर मिल पर जा रहा था। यहां पर एक भाजपा नेता भी पहुंच गया। उसने जिला आपूर्ति अधिकारी से बात की। इसके बाद जिला आपूर्ति अधिकारी ने निरीक्षकों को मौके पर भेजा। इस पर टीम खरखौदा स्थित राजकीय गोदाम पर पहुंची तथा इंचार्ज नीतू गोला से पूछताछ की। अधिकारियों ने पूरे दिन कितनी गाड़ियां गोदाम से निकलीं सभी के नंबरों और चालकों समेत सभी के बारे में पूछताछ की। टीम ने बाद में स्टाक रजिस्टर एवं स्टाक की जांच करते गोदाम इंचार्ज के बयान भी दर्ज किए।
इस मामले में जिला आपूर्ति अधिकारी विकास ने बताया कि भाजपा नेता की शिकायत पर टीम मौके पर भेजी है। पकडे़ गए दोनों आरोपी गोदाम से अनाज लाना बता रहे हैं। टीम को जांच के लिए गोदाम पर भेजा है।
वहीं, गोदाम इंचार्ज नीतू गोला ने बताया कि उन्हें कोई जानकारी नहीं कि अनाज कहां से गया है। उनका स्टाक रजिस्टर एवं गोदाम में अनाज की मात्रा पूरी है। इसकी जांच हो चुकी है।
मुख्य बातें
आपूर्ति विभाग की गोदाम इंचार्ज बोलीं, स्टाक रजिस्टर एवं गोदाम में अनाज पूरा
गेहूं और चावल के 50 बोरे लदे थे छोटे हाथी में, फ्लोर मिल में ले जाने का शक