नहर पुल पर सोमवार को हाईटगेज लगाए जाने के बाद मवाना शुगर मिल के अधिकारी उपजिलाधिकारी से मिले तथा मवाना से होकर गन्ने से लदे ट्रक गुजारे जाने की मांग की। जिस पर उपजिलाधिकारी ने संस्तुति करते हुए सीओ को भेज दिया। यदि फिर से मवाना से होकर दिन में गन्ने से लदे वाहन गुजरेंगे तो पूरे दिन जाम के हालात मुख्य मार्ग पर हो जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सिंचाई विभाग द्वारा नहर किनारे सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ओवरलोड और भारी वाहनों के गुजरने से बनाई गई सड़क को नुकसान नहीं पहुंचे। इस कारण सड़क के शुरू और अंत में हाईटगेट लगा दिए हैं। अभी तक गन्ना लदे वाहन दिन के समय सड़क किनारे सड़क से होकर गुजर रहे थे।
अब हाईटगेज लग जाने से गन्ने से लदे वाहन उधर से गुजरने बंद हो गए हैं। जिससे मिल को परेशानी हो रही थी। इस संबंध में मवाना शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक वीरेंद्र कुमार तथा सिक्योरिटी इंचार्ज राघव उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव से मिले। उन्होंने स्थिति से अवगत कराते हुए लिखित में मवाना के मुख्य मार्ग से गन्ने से लदे ट्रक आदि को गुजारे जाने की अनुमति मांगी। जिस पर उपजिलाधिकारी ने संस्तुति करके पुलिस क्षेत्राधिकारी को भेज दिया। जिससे स्पष्ट है कि अब गन्ना लदे वाहनों को फिर से मवाना के मुख्य मार्ग से होकर गुजरने की अनुमति मिल जाएगी। जिससे एक बार फिर से मवाना के लोगों को मुख्य मार्ग पर पूरे दिन जाम की समस्या से दो-चार होना पडे़गा। बीते दिनों एसएसपी मंजिल सैनी के समाधान दिवस में आने के दौरान जाम में फंस जाने से उनको पैदल ही थाने तक जाना पड़ा था। जिस कारण एसएसआई तथा चौकी इंचार्ज को एसएसपी के गुस्से का शिकार होना पड़ा था। जिसके बाद जाम से कुछ निजात मिली थी, लेकिन अब फिर से वाहन गुजरने से जाम की विकट समस्या पैदा हो सकती है।
मुख्य बातें
नहर किनारे सड़क निर्माण के चलते हाईटगेज लगाने का मामला
चीनी मिल के अधिकारी हाईटगेज हटवाने के लिए एसडीएम से मिले