मवाना। नगर पालिका में लगातार दूसरी बार साप्ताहिक पैठ सहित छह ठेकों की नीलामी ठेकेदारों के नहीं पहुंचने के कारण बृहस्पतिवार को नहीं हो सकी। यह नीलामी अब 26 मार्च को होगी।
कर अधीक्षक विनय सागर ने बताया कि आज नगर पालिका में साप्ताहिक पैठ, पार्किंग शुल्क वसूली, विज्ञापन शुल्क, लाइसेंस शुल्क, मुर्दा मवेशी तथा हुलिया मवेशी के ठेकों की नीलामी तिथि निश्चित की गई थी। अपराह्न 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक किसी ठेकेदार द्वारा ठेकों में भाग लेने के लिए पंजीयन नहीं कराया गया। किसी ठेकेदार के भाग नहीं लेने के कारण आज ठेके निरस्त कर दिए गए। अब यह नीलामी 26 मार्च को होगी। इससे पहले भी बीते सप्ताह ठेकों की नीलामी निरस्त हो चुकी है।
विवि परीक्षा में अब तक दो नकलची पकड़े
मवाना। एएसपीजी कॉलेज मवाना के प्राचार्य डा. अतुल कुमार गोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में अभी तक दो परीक्षार्थियों को नकल करने के आरोप में पकड़ा जा चुका है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डा. अतुल कुमार गोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय की संचालित परीक्षाओं में महाविद्यालय उड़न दस्ता द्वारा प्रत्येक पाली में सभी परीक्षार्थियों की तलाशी ले रहा है। इसके द्वारा अभी तक दो परीक्षार्थियों को अनुचित संसाधन उपयोग के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी द्वारा स्वयं एवं उनके द्वारा गठित उड़न दस्ते के साथ नोडल केंद्र से संबद्ध अन्य 10 परीक्षा केंद्रों पर लगातार आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। वहीं, उन्होंने बताया कि 31 मार्च को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पाली में आयोजित होने वाली परीक्षाएं परिवर्तित कर 17 मई को यथा पाली एवं समय पर कराई जाएंगी।