पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने मवाना खुर्द पहुंचकर कहा कि पुलिस को पता है कि बाबा साहेब की प्रतिमा किसने तोड़ी है। हालांकि पुलिस और प्रशासन क्षेत्रीय विधायक के दबाव में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस प्रकार की घटनाओं नहीं रोका तो नतीजा बुरा होगा। हम सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम मवाना खुर्द में मंगलवार रात किसी समय तालाब के पास लगी बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसका गांव और आसपास के दलित समुदाय के लोगों को पता चला तो काफी संख्या में एकत्र होकर रोष व्यक्त किया। मवाना से भी सुमित कुमार के साथ दलित समाज के काफी लोग वहां पहुंचे थे। पुलिस प्रशासन ने दूसरी प्रतिमा लगवाकर मामला शांत करा दिया था।
इस मामले में पूर्व विधायक योगेश वर्मा बृहस्पतिवार को मवाना खुर्द पहुंचे। उन्होंने यहां समाज के लोगों से घटना की जानकारी ली तथा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने बताया इस पूरे प्रकरण की जानकारी बहन मायावती जी को बुधवार को ही दे दी गई थी। बाद में उन्होंने कहा कि पहले भी बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। बीते बुधवार को भी पुन: ऐसी ही हरकत की है। पहली बार की घटना में दलित समाज के लोगों पर ही मुकदमें दर्ज कराकर डराने की कोशिश की गई थी। उन्होंने स्थानीय भाजपा विधायक पर आरोप लगाया कि वे अपने लोगों से इस प्रकार की हरकत करा रहे हैं। हालांकि अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को पता है कि बार-बार प्रतिमा को कौन क्षतिग्रस्त कर रहा है। इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन स्थानीय विधायक के दबाव में काम कर रहा है। ज्यादा दिन यह माहौल चलने वाला नहीं है। आने वाला समय बसपा का है। बसपा कार्यकर्ताओं में मवाना खुर्द की घटना से काफी रोष है। यदि पुलिस-प्रशासन ने इन घटनाओं को नहीं रोका तो नतीजा बुरा होगा। इनको संभालना भारी पड़ जाएगा। वह स्वयं इनको चेताने के लिए यहां आए हैं। कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। उनके साथ बसपा जिलाध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, जोनल इंचार्ज सतपाल पिपलेजा, कोर्डिनेटर दिनेश काजीपुर, राजपाल, शाहजहां सैफी आदि रहे।
मुख्य बातें
बसपा के पूर्व विधायक ने मवाना खुर्द पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
हस्तिनापुर के विधायक पर लगाए विभिन्न आरोप, आंदोलन की चेतावनी दी