मोदीपुरम। एक सप्ताह से लगातार गर्म हो रहा मौसम बारिश का माहौल बना रहा है। बृहस्पतिवार को हवा शांत रहने से घुटन महसूस की गई। दिन का तापमान सामान्य से आठ डिग्री बढ़कर 29.6 डिग्री तो रात का पारा 3 डिग्री बढ़कर 13.3 डिग्री पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार समय से पहले गर्म हो रहे मौसम से 23 से 25 फरवरी के बीच बारिश के आसार हैं।
उत्तराखंड के ऊपरी क्षेत्र में फिर से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के बीच वेस्ट यूपी का मौसम फिर से बदल सकता है। लगातार बढ़ते तापमान और अभी से उमस ने आम लोगों के साथ ही किसानों की भी चिंता बढ़ा दी है। गर्म होता मौसम सेहत के साथ गेहूं की फसल को भी प्रभावित कर रहा है। ऐसे में तापमान का कम होना बहुत जरूरी है। मौसम विज्ञान केंद्र पर अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 91 व न्यूनतम 39 प्रतिशत दर्ज की गई।
कम होगा दिन का तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी फरवरी माह में मौसम सामान्य होना चाहिए। लेकिन तापमान का लगातार बढ़ना भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष का कहना है कि मौसम सामान्य से ज्यादा गर्म होने पर बारिश होगी और हवा भी चलेगी। जिससे दिन का तापमान कम हो जाएगा और मौसम बदला हुआ दिखाई देगा। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पिछले तीन-चार दिन से अधिकतम तापमान अधिक बढ़ा है, यह ठीक नहीं है। इसका सबसे ज्यादा असर गेहूं की फसल पर दिखाई देगा। बारिश होने से तापमान थोड़ा कम होगा।
खास बातें:
सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा दिन का तापमान हुआ 29.6 डिग्री
रात का तापमान भी 3 डिग्री बढ़कर पहुंचा 13.3 डिग्री