हस्तिनापुर। विश्व प्रकृति निधि भारत द्वारा पांच ब्लॉकों में चलाए जा रहे जल पाठशाला कार्यक्रम के तहत तीन विद्यालयों में बृहस्पतिवार को बाल मेला आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने पानी का सही उपयोग कर जल बचाने के तरीके भी सीखे। विश्व प्रकृति निधि द्वारा उच्च माध्यमिक स्कूल बस्तौरा नारंग, डॉ. अंबेडकर जूनियर हाईस्कूल, मखदूमपुर के 175 छात्रों ने ग्राम मखदूमपुर में डब्लूडब्लूएफ द्वारा चलाए जा रहे संरक्षण कार्यक्रम कछुआ हेचरी पर जाकर भ्रमण किया। वहीं, जीव संरक्षण एवं पानी बचाने की शपथ ली। इस अवसर पर उप बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं डब्लूडब्लूएफ संजीव यादव, एबीएसए विनोद कुमार आदि रहे।
मकान के विवाद में धारदार हथियार चले
मवाना। नगर निवासी दो भाइयों में मकान के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर धारदार हथियार चल गए। जिसमें दोनों पक्ष से दो लोग घायल हो गए।
नगर की हस्तिनापुर रोड स्थित पक्का तालाब निवासी दो भाइयों में मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान धारदार हथियार चल गए। वहीं, एक पक्ष के युवक ने अपनी भाभी पर फावडे़ से वार करके गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया। महिला का कहना कि उसके देवर ने उसे धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दरोग प्रदीप चौधरी ने बताया महिला पहले थाने पहुंचकर देवर पर आरोप लगा रही थी। इसके कुछ समय बाद देवर भी थाने पहुंच गया। उसने भी अपनी भाभी पर आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों को सीएचसी भेज दिया। उधर, महिला की सास ने थाने पहुंचकर बताया कि मकान के विवाद को लेकर पुत्रवधू उसके पुत्र के साथ कई दिन से झगड़ रही है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी ने भी तहरीर नहीं दी। दरोगा का कहना कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण टीम ने निरीक्षण किया
मवाना। नगर पालिका पहुंचे स्वच्छता सर्वेक्षण टीम के एक सदस्य ने बृहस्पतिवार को दस्तावेजों का निरीक्षण किया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमरनाथ ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण टीम में सीनियर एस्सेसर बचन सिंह ने सफाई कर्मचारियों की सूची, सफाई उपकरण एवं नगर में लगे स्वच्छता से संबंधित होर्डिंग की फाइल आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कल टीम के सदस्य नगर का भ्रमण करेंगे। जिसमें नगरवासियों से कूडा निस्तारण एवं सफाई के बारे में जानकारी करेेंगे।