ग्राम हसनपुर रजापुर के पीड़ित दलित परिवार की सुध लेने के लिए रविवार देर रात एसपी देहात एवं सीओ पहुंचे तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं, एसएसएपी के भी सोमवार रात गांव पहुंचने की उम्मीद है।
सावित्री की हत्या के बाद पुलिस सुरक्षा में रह रहे मितन के परिवार की सुध लेने रविवार रात एसपी देहात राजेश कुमार एवं सीओ सरधना पुलिस फोर्स के साथ गांव रजापुर पहुंचे। वहां तैनात पुलिस-फोर्स से सुरक्षा की बाबत जानकारी जुटाई। उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये और चौकस रहने की हिदायत दी। इसके बाद पीड़ित परिजनों से भी एसपी देहात ने मुलाकात की। वहीं, सुरक्षा जारी रखने का भरोसा देते हुए चौकस रहने की सलाह दी। एसपी ने बताया कि तीन फरार आरोपी बहुत जल्द पकड़ में होंगे। इसके लिए पुलिस ने जाल बिछा रखा है। एसपी ने बताया कि उन्हें लाइसेंस दिए जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बहुत जल्द इनके हाथों में शस्त्र होंगेे। मितन ने बताया कि एसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी पूरी सुरक्षा की जाएगी और हरसंभव मदद होगी। इसे लेकर मितन ने बताया कि एसएसपी ने भी बात की है और सोमवार रात में आने का भरोसा दिलाया है। 23 फरवरी होने वाली गवाही को लेकर मितन का परिवार दहशत में है। उसने बताया कि फरार हत्यारोपियों ने गवाही से पहले मारने की धमकी दी है।
राजनीतिक दलों के नेताओं पर पक्षपात करने का आरोप
हसनपुर रजापुर गांव में सावित्री और गांव झिटकरी में उसके दामाद बबलू की हत्या के बाद उनके परिजन चारदीवारी में कैद होकर रह गए हैं। इससे सावित्री के परिवार के सामने जीविका चलाने का संकट पैदा हो गया है। वहीं, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। परिवार के सदस्यों ने राजनेताओं पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि आजकल चुनाव का समय होता तो उनके घर पर सभी पार्टियों के नेताओं की भीड़ जमा हो जाती, लेकिन आज मेरठ की मेयर का पति भी उसके परिवार को सांत्वना देने तक नहीं आया है। जबकि वह स्वयं को दलितों का मसीहा बताता है। उनके परिवार की आर्थिक मदद के लिए कोई सामने नहीं आ रहा है। मितन ने बताया कि उसकी पत्नी एवं बीस दिन की पुत्री का स्वास्थ्य खराब है। चिकित्सकों ने उसे मेरठ दिखाने की सलाह दी। उन्होंने प्रशासन से सहयोग करने की मांग की है।
मुख्य बातें
पीड़ितों को शस्त्र लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी हुई
23 फरवरी को होने वाली गवाही को लेकर मितन के परिजन दहशत में
बसपा नेत्री मदद प्रदान की
सरूरपुर। खुद को बसपा नेत्री बताने वाली गुंजन ने सोमवार को ग्राम हसनपुर रजापुर पहुंचकर मितन के परिजनों से मुलाकात की। उन्हें कुछ राहत सामग्री देकर न्याय का भरोसा दिलाया। नेत्री ने परिवार की महिलाओं से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया। मितन के घर सोमवार को कुछ रिश्तेदार भी पहुंचे और उनका दुख दर्द बांटा। उन्होंने परिवार के चारदीवारी में कैद होकर रहने की मजबूरी पर अफसोस जताया। इस दौरान रोहटा पीएचसी के डॉक्टरों का एक दल सोमवार को रजापुर में मितन के घर पहुंचा और बीमार परिजनों की जांच कर दवा दी तथा उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी। पीड़ित परिवार में कई बच्चे एवं खुद मितन बीमार है।