खरखौदा। ग्राम नरहाड़ा निवासी युवक का शव शुक्रवार रात्रि में ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। कंट्रोल रूम की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में तलाश करते हुए परिजन थाना पहुुुंचेे तो शव की शिनाख्त हुई। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव नरहाड़ा निवासी लीलू (35) पुत्र शिवचरण शुक्रवार को परिजनों से कुछ कहासुनी के बाद अचानक घर से लापता हो गया। देर शाम तक भी लीलू घर नहीं लौटा तो परिजन पूरी रात लीलू को खोजते रहे। शनिवार सुबह तक भी लीलू घर नहीं लौटा तो परिजन गांव नरहाड़ा में ही रहे। लीलू का भांजा राहुल परिजनों के सदस्यों को साथ लेकर लीलू की खोज में निकला। बाद में जब परिजन खोजबीन के दौरान मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर चांदसारा हाल्ट के पास पहुंचे तो हाल्ट पर चादर एवं कुछ कपडे़ पडे़ मिले। बताया कि युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। इस पर परिजन खरखौदा थाने पहुुंचे तो पुलिस ने फोटो दिखाई। लीलू के पिता ने मृतक की शिनाख्त अपने पुत्र के रूप में की। पुलिस ने बताया कि रात्रि में पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर चांदसारा हाल्ट के पास में एक शव क्षत-विक्षत पड़ा हुआ है। सूचना पाकर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल खरखौदा क्षेत्र का होने के कारण परतापुर पुलिस शव को मौके पर ही छोड़कर लौट गई। वहीं, खरखौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुख्य बातें
युवक की शिनाख्त नरहाड़ा गांव निवासी लीलू के रूप में हुई
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा