1600 मीटर दौड़ में दीपांशु अव्वल
परीक्षितगढ़। रविवार को नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में पंडित आरपीएस इंटर कॉलेज में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के गांवों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। शुभारंभ मुख्य अतिथि धर्मपाल गुड़ा, जिला युवा समन्वयक आशु गुप्ता, नरेंद्र त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर किया। पुरूष वर्ग की 16 सौ मीटर दौड़ में दिपांशु प्रथम, सचिन द्वितीय, कुलदीप तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग की 2 सौ मीटर दौड़ में वर्षा प्रथम, गुडिया द्वितीय, नवजोत तृतीय स्थान पर रही। महिला वर्ग की लंबी कूद में वर्षा प्रथम, गुडिया द्वितीय व संगीता तृतीय स्थान पर रही। वालीबाल मैच में ग्राम जिठौला टीम ने ग्राम इकला रसूलपुर की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में इकला रसूलपुर की टीम ने नारंगरपुर जिठौला की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विनीता, सुनील, नीरज, सुशील, राजकुमार आदि रहे।
सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों व छात्रों का हो बीमा
- सीबीएसई स्कूल प्रबंधक एसोसिएशन की हुई बैठक
परीक्षितगढ़। रविवार को रॉकलैंड इंटरनेशनल स्कूल में नगर के सीबीएसई स्कूल की प्रबंधक एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रबंधकों ने स्कूल संचालन के लिए विभिन्न बिंदूओं पर विचार रखे। बैठक में प्रबंधकों ने कहा कि स्कूल ट्रांसपोर्ट शुल्क में समानता लाए तथा छात्र व अभिभावकों के हित में स्कूल की छुट्ट्यिां भी समान रूप से की जाए। वहीं किसी कक्षा विशेष को अतिरिक्त शिक्षण कार्य के लिए बुलाया जाए। शिक्षकों व छात्रों का बीमा कराया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि छात्र को एक स्कूल से दूसरे स्कूल में जाने के लिए एडमिशन फार्म के साथ पिछली कक्षा का रिजल्ट कार्ड अवश्य लिया जाए और प्रत्येक माह में नगर के सीबीएसई स्कूलों में स्कूल प्रबंधकों की बैठक की जाए। जिससे प्रबंधक अपनी समस्या रख सके। वहीं बैठक में नगर के आठ स्कूलों के प्रबंधकों ने भाग लिया। रॉकलैंड इंटरनेशनल स्कूल के डिप्टी डायरेक्टर पदमसैन मित्तल ने आए अतिथियों का स्वागत किया। अमित गुप्ता, अंशुल अग्रवाल, विनय कुमार गुप्ता, आरके लुहाच, चौधरी रविंद्र सिंह, केपी सिंह, डॉ. सुशील चौधरी, मुकुल कुमार आदि मौजूद रहे।