किसी मामले में मेरठ जिले की बाल सुधार गृह में सजा काट रहा एक छात्र बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में कस्बा स्थित इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचा। छात्र के परीक्षा देने के दौरान कक्ष के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। सुबह की पाली में चेकिंग के लिए पहुंचे सचल दल ने कॉलेज में एक शिक्षक के पास से मोबाइल बरामद किया।
कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र ने बताया कि किसी मामले में जिले की बाल सुधार गृह में सजा काट रहे मुकुल बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा देने पहुंचा। मुकुल बना मसूरी स्थित एक कालेज में दसवीं कक्षा का छात्र है। उसके परीक्षा देने के दौरान कक्ष के बाहर पुलिस तैनात रही। जानकारी के अनुसार कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा के दौरान चेकिंग के लिए डीआईओएस के नेतृत्व में पहुंचे सचल दल ने एक शिक्षक की जेब से मोबाइल बरामद किया, हालांकि मोबाइल बंद था। इसलिए टीम ने शिक्षक को चेतावनी देकर छोड़ दिया। टीम के छापेमारी के दौरान कॉलेज में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं, दौराला के श्री मल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डा. नीरा तोमर ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सभी पूरी सर्तकता बरती गई है और पुलिस बल भी तैनात रहा। उधर, दौराला के श्रीराम इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज और सकौती के हितकारी इंटर कॉलेज में भी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई है।
मुख्य बातें
दौराला और लावड़ में शांतिपूर्ण हुई दूसरे दिन की परीक्षाएं