मवाना। नगर के फलावदा रोड से गुजर रहे आम की लकड़ी से लदे दो कैंटर को कृषि उत्पादन मंडी समिति सचल दस्ते ने पकड़ लिया। आम की लकड़ी लदी होने पर टीम दोनों कैंटरों को मंडी समिति लेकर पहुंची। यहां से दोनों चालक फरार हो गए।
कृषि उत्पादन मंडी समिति की टीम ने बुधवार को फलावदा रोड से चेकिंग अभियान के दौरान दो कैंटरों को पकड़ा तथा उन्हें समिति लेकर पहुंची। इनके दोनों चालक मौके से फरार हो गए। घंटों गुजर जाने के बाद बाबू खां निवासी सठला उक्त गाड़ियों के वारिस बनकर समिति पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह आम की उक्त लकड़ियों फलावदा के एक गांव से लेकर किठौर जा रहा था। सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने समिति टीम के मंडी निरीक्षक प्रमोद कुमार, नरेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह एवं सुभाष चंद्र टीम बनाकर दोनों कैंटर को पकड़ा। बताया जा रहा कि उक्त कैंटरो में आम की काफी लकड़ी भरी हुई थी। वहीं, सचिव का कहना कि दोनों कैंटरों से 18 हजार रुपये शमन शुल्क एवं मंडी शुल्क आदि वसूला गया। वहीं, हस्तिनापुर रेंजर अशोक कुमार ने बताया कि देदूपुर गांव स्थित आम के बाग के सात पेड़ों को काटे जाने के लिए अनुमति ली गई।
वहीं, कृषि उत्पादन मंडी समिति सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अभियान चलाकर जनवरी में नौ वाहनों से जुर्माना वसूला। जिनसे करीब 38,150 रुपये शमन शुल्क एवं मंडी शुल्क आदि के रूप में वसूले गए। इस तरह आगे भी अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य बातें
आम की लकड़ी लदी होनेे पर शमन शुल्क एवं मंडी शुल्क वसूला
गांव देदूपुर स्थित बाग से सात पेड़ काटे जाने की अनुमति होने की जानकारी दी