पुलिस ने शनिवार को तहसील में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए धरने के दौरान अतुल प्रधान द्वारा प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोलने तथा भड़काऊ बयान देने के मामले में रविवार को रिपोर्ट दर्ज की है।
बीते शनिवार को पार्टी हाईकमान के आदेश पर प्रदेश सरकार के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं द्वारा तहसील में धरना दिया गया था। इस धरने में सपा नेता अतुल प्रधान भी पहुंचे थे तथा उन्होंने भी संबोधन किया था। अतुल प्रधान ने संबोधन में प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया था। वहीं, सुमित गुर्जर एनकाउंटर में एक बार फिर इंस्पेक्टर को चेतावनी दी कि वह वर्दी उतारकर आए तथा उनकी तरह लड़कर दिखाए। वहीं यह भी कहा था कि किसानों के लिए चाहे उनको सौ बार जेल जाना पडे़ वे इसके लिए तैयार हैं। अतुल प्रधान के बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। मवाना कोतवाली प्रभारी परविंदर पाल सिंह ने इस मामले को संज्ञान लेते हुए रविवार को एसपी देहात के आदेश पर देर शाम सपा नेता अतुल प्रधान के खिलाफ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने तथा भड़काऊ भाषण देने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मुख्य बातें
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के खिलाफ किया था अपशब्दों का इस्तेमाल
एसपी देहात के आदेश पर कोतवाली प्रभारी ने अपनी तरफ से दर्ज किया मुकदमा
बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर
मवाना।
देर शाम एएसपीजी कॉलेज के सामने रोडवेज बस और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। उन्हें गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
गांव हिमायूंपुर गढ़ी निवासी सोनू पुत्र पन्ना तथा पप्पू पुत्र मंगते बाइक पर सवार होकर मवाना में किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। वे देर शाम एएसपीजी कॉलेज के सामने पहुंचे तो मेरठ की ओर से आ रही रोडवेज बस से उनकी भिड़ंत हो गई। बस की टक्कर से बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई तथा दोनों बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गए। वहीं, चालक बस को लेकर फरार हो गया। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। बाइक सवार दोनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी थी।