हापुड़-मेरठ रोड पर बुधवार को धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के सामने एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अस्पताल ले जाने के दौरान एक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में परिजनों को सूचना दी है।
पुलिस के अनुसार गांव कैली निवासी दिनेश (23) पुत्र वेदप्रकाश एवं मोनू पुत्र रामकिशोर किसी काम से बाइक पर सवार होकर हापुड़ गए थे। वह देर शाम लौटते समय बाइक हापुड़-मेरठ रोड पर धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में नागर ढाबे के सामने पहुंची तो सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही दिनेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक एवं घायल के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि कार टायर फट जाने से बेकाबू होकर बाइक से टकरा गई। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई थी। इस मामले में थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
मुख्य बातें
कैली निवासी दोनों युवक देर शाम बाइक पर सवार होकर हापुड़ से लौट रहे थे
चिकित्सकों ने दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई