दौराला। दशरथपुर गांव में शुक्रवार दोपहर कई सांड़ में लड़ाई हो गई। इसी दौरान एक सांड़ बचने के लिए ट्यूबवेल में घुस गया और उसके कुएं में जा गिरा। इसकी जानकारी पाकर ग्रामीण वहां पहुंचे और बाहर निकालने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। सूचना पाकर तहसील टीम पहुंची और जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक सफलता नहीं मिली।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव दशरथपुर के जंगल में शुक्रवार दोपहर कुछ सांड़ आपस में भिड़ गए। इसी दौरान गांव निवासी ऋषिराज की ट्यूबवेल में एक सांड़ घुस गया और कुएं में गिर गया। इसकी जानकारी ग्रामीणों की लगी। इस पर उन्होंने सांड़ को बाहर निकालने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। उन्होंने इसकी जानकारी एसडीएम सरधना को दी। इस पर एसडीएम ने गांव के पटवारी को मौके पर भेजा। तहसील टीम ने सांड़ को निकालने का काफी प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। इस पर रात में मौके पर जेसीबी को बुलाया गया है। बताया कि ट्यूबवेल का दरवाजा काफी छोटा है। जिससे सांड़ को निकालने में परेशानी हो रही है। देर रात तक ग्रामीण एवं तहसील टीम जेसीबी की मदद से जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक सांड़ को कुएं से बाहर नहीं निकाला जा सका है।