अज्ञात वाहन की टक्कर से हेड कांस्टेबल घायल
- लोगों ने मोदीपुरम के एसडीएस अस्पताल में कराया भर्ती, पुलिस ने ली जानकारी
मोदीपुरम। रुड़की रोड़ पर एक बाइक सवार हेड कांस्टेबल को एक अज्ञात वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे सिपाही गंभीर रुप से घायल हो गया। मौके पर एकत्र लोगों ने घायल को मोदीपुरम के एसडीएस अस्पताल में भर्ती कराया है।
छठी वाहिनी आरआरएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात सिपाही रामेश्वर दयाल शर्मा बृहस्पतिवार शाम को अपनी बाइक से पीएसी से मेरठ की ओर जा रहा था। बताया गया है कि जब वह रुड़की रोड़ पर मजार के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रहे किसी वाहन चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी जिससे रामेश्वर दयाल शर्मा गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर एकत्र लोगों ने घायल सिपाही को मोदीपुरम के एसडीएस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया और पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली है। घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं दी गई है।