बिजली संविदाकर्मियों पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
मवाना। नगर के राजोवाला बाग मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी एक उपभोक्ता ने विद्युत निगम के दो संविदा कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क नहीं देने पर कनेक्शन काटने व धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सीओ मवाना से मामले की शिकायत की है।
मोहम्मद मोहसिन पुत्र यासीन ने बताया कि उन्होंने मौ. नाजिश के नाम से बिजली का घरेलू कनेक्शन ले रखा है। आरोप है कि बुधवार को दो संविदा कर्मचारी उनके घर पहुंचे और सुविधा शुल्क देने की मांग करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो दोनों ने धमकी देते हुए उनका कनेक्शन काट दिया। जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों गाली गलौच व धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित का कहना है कि उसका बिल जमा है। सीओ मवाना पंकज कुमार से पीड़ित ने मामले की शिकायत की है। सीओ मवाना पंकज कुमार का कहना है कि मामले की रिपोर्ट बिजली विभाग के अधिकारियों को भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।