अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। लखनऊ से हिरासत में लिये पल्लवपुरम की इंद्रप्रस्थ एस्टेट सोसायटी प्लॉट आवंटन के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी पूर्व उप आवास आयुक्त वीके चौधरी का शनिवार को दौराला पुलिस ने सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया। इस दौरान वीके चौधरी एवं पुलिस टीम ने मीडिया से दूरी बनाये रखी।
पल्लवपुरम की इंद्रप्रस्थ एस्टेट सोसायटी में प्लॉट आवंटन के नाम पर 300 करोड़ के घोटाले में आरोपी वीके चौधरी को दौराला में तैनात इंस्पेक्टर अपराध इंद्रपाल सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित आवास से हिरासत में लिया था। वह शनिवार सुबह पूर्व उप आवास आयुक्त वीके चौधरी का मेडिकल परीक्षण कराने दौराला सीएचसी पहुंचे। पुलिस सुरक्षा के बीच चिकित्सकों ने वीके चौधरी का परीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को देखकर सभी पुलिसकर्मी वीके चौधरी को चिकित्सक रूम में छोड़कर बाहर निकल गए। उन्होंने अपनी गाड़ी को सीएचसी गेट पर लगाया दिया। वहीं, कुछ समय बाद वीके चौधरी अस्पताल से बाहर निकले और पुलिस गाड़ी में बैठकर मेरठ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।