ग्राम हसनपुर कला में आमसभा में होना है दुकान चयन पर निर्णय
माछरा।
हसनपुर कलां मे सरकारी राशन विक्रेता की दुकान चयन के लिए ग्रामीणों की आमसभा बुलाई गई। लेकिन ग्रामीणों की कम उपस्थिति के चलते बैठक स्थगित कर दी गई, अब बैठक 4 जनवरी को होगी।
ब्लॉक माछरा क्षेत्र के गांव हसनपुर कलां मे सरकारी सस्ता राशन विक्रेता की दुकान भूलेराम खटाना के नाम आवंटित थी। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम द्वारा कराई जांच के बाद दुकान निरस्त कर दी गई थी। अब दुकान का नये सिरे से आवंटन होना है। बुधवार को नये राशन विक्रेता के नाम सस्ते गल्ला दुकान का चयन करने के लिए ब्लॉक माछरा से एडीओ पंचायत ओपी शर्मा, शशी शर्मा, अमित कुमार ग्राम पंचायत सचिव, शिवम यादव, विक्रांत त्यागी, सुनील प्रसाद, को भेजा गया।
इन अधिकारियो ने हसनपुर कलां में मुनादी कराते हुए पंचायत घर पर आमसभा बुलाई, लेकिन इस आमसभा में बहुत कम ग्रामीण इकट्ठा हुए। जिस कारण आमसभा रद्द कर दी गई। एडीओ पंचायत ओपी शर्मा ने बताया कि गांव मे करीब 3 हजार मतदाता है तथा सस्ते राशन विक्रेता की दुकान चयन मे करीब 7 सौ मतदाताओं का उपस्थित होना जरूरी है। लेकिन आमसभा में मात्र 45 व्यक्ति ही पहुंचे। कोरम पूरा न होने के कारण सरकारी राशन विक्रेता दुकान चयन को स्थगित कर दिया गया है।
उन्होने बताया कि यहां पर ग्राम प्रधान के पद अनारक्षित है, इसलिए सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का आरक्षण भी अनारिक्षत ही होगा किसी भी वर्ग का आदमी दुकान आवंटन के लिए आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि दूसरी बैठक में यदि थोडे़ आदमी भी पहुंचते है, तो भी दुकान का आवंटन कर दिया जाएगा। यदि एक से अधिक दुकान लेने के प्रत्याशी आते है, तब दुकान का चयन मतदान के द्वारा होगा।