अमर उजाला ब्यूरो
लावड़।
नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक शनिवार को आयोजित की गई। इसमें नगर पंचायत के सभी सदस्य और चेयपर्सन शामिल रहे। नगर पंचायत के सदन में लगभग पांच करोड़ के आठ प्रस्ताव रखे। इन सभी प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई है।
इससे पहले भी बैठक का आयोजन किया गया था। नगर पंचायत के सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन अनीसा हारुन ने की और संचालन ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने किया। बैठक में कस्बे की सड़कों के निर्माण, जल निकासी के लिए नालों का निर्माण, लाइट की व्यवस्था, श्मशान और कब्रिस्तान की चारदीवारी और उनका सौंदर्यीकरण कराने एवं तालाबों की खुदाई और सौंदर्यीकरण कराने के प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अतिरिक्त गृह कर का निर्धारण, कस्बे में लगी लाइटों पर केबलिंग और मीटरिंग कराने तथा नगर पंचायत के स्लाटर हाउस का आधुनिकरण कराने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि लगभग पांच करोड़ रुपये के विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई है। बैठक में सभासद अकील, सभासद शाहीन परवीन, सभासद सूफी शमीम, सभासद कामिल, सभासद अफसाना, सभासद देविंद्री आदि मौजूद रहीं।
सभासद पति नहीं हो सके बैठक में शामिल
नगर पंचायत के सभागार में आहूत हुई बैठक में सभासद पतियों ने बैठक में शामिल होने की बात कही। ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यह नियम विरुद्ध है। इसलिए सभासद पति बैठक में शामिल नहीं हो सके। जिसके चलते सभासद पति बैठक में शामिल नहीं हो सके। हालांकि उन्होंने विरोध स्वरूप हंगामा किया, लेकिन उनका विरोध काम नहीं आ सका।
महिला सभासदों को पढ़कर सुनाए प्रस्ताव
पहली बार सभासद पद पर निर्वाचित हुई महिलाएं बैठक में शामिल तो हुईं, लेकिन वे कुछ बोलने से कतराती रहीं। कुछ महिलाएं तो घूंघट निकालकर बैठ र्गइं। हालांकि बैठक में प्रस्तावों को पढ़कर सुनाया गया और सभासदों की सहमति के बाद ही उन्हें हरी झंडी दी गई।