- आठ बाइक भी क्षतिग्रस्त, एसएसपी भी मौके पर पहुंचे
- दो दर्जन से अधिक स्थानों पर मकान गिरने की सूचना
मेरठ। बारिश के दौरान शहर में दो दर्जन से भी अधिक स्थानों पर मकान भरभराकर गिर पड़े। हापुड़ रोड स्थित इस्लामाबाद पुलिस चौकी भी भरभराकर गिर गई। जिसमें तीन सिपाही घायल हो गए और आठ बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घायल सिपाहियों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इंस्पेक्टर, सीओ और एसएसपी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने बताया कि लिसाड़ीगेट थाने की इस्लामाबाद पुलिस चौकी में तेज बारिश से बचने के लिए सिपाही नौशाद, सावन कुमार, सुनील कुमार, सोहन पाल, इमरान व होमगार्ड गोपाल बैठे थे। इसी दौरान पुलिस चौकी के एक कमरे की छत भरभराकर गिर गई। जबकि सिपाही दूसरे कमरे में बैठे हुए थे। बाहर वाले कमरे की छत गिरते ही सिपाहियों ने खलबली मची और वह बाहर की तरफ भागे। इस दौरान पत्थर लगने से सिपाही नौशाद, सावन कुमार और सोहनपाल घायल हो गए।
इस मलबे में एक डायल 100 बाइक, एक फैंटम और छह सिपाहियों की बाइक दब गई। चौकी गिरने की सूचना पर इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट मोहम्मद असलम पुलिस टीम को लेकर पहुंच गए। सिपाहियों को प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे।
बारिश में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर गिर गए मकान
मेरठ। शहर के निचले इलाके इत्तेफाकनगर में शमशाद, शोकीन, फतेहउल्लापुर माता वाली गली में बाबू, महराज, रहीसुददीन का मकान गिर गया। उमर गार्डन में शोकीन पुत्र अल्लामेहर का मकान है। इन्होंने अपना मकान कयूम को किराए पर दिया हुआ था। बारिश के दौरान यह दो मंजिला मकान भरभराकर गिर पड़ा। गमीनत रही कि बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कयूम का कहना है कि उसके दो बच्चों को मामूली चोटें आयी है। इसके अलावा इत्तेफाकनगर, सूरजकुुंड, हनुमानपुरी, लक्ष्मीनगर, ब्रह्मपुरी इंद्ररानगर द्वितीय के मकानों के भवनों में पानी भर गया। यहां भी कुछ मकानों के गिरने की सूचना है।