मेरठ। दूध और दूध से बने उत्पादों में मिलावट करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की खाद्य सुरक्षा विंग अभियान चलाकर छापामारी करेगी। इस संबंध में एफएसडीए की अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने फूड सेफ्टी ऑफिसर के साथ बैठक कर उन्हें निर्देशित किया है। लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि 17 जुलाई को लखनऊ में अधिकारियों की इस संबंध में ट्रेनिंग थी। उसी संबंध में फूड सेफ्टी ऑफिसर को निर्देशित किया गया है। उन्हें बताया गया कि कितना स्टैंडर्ड फैट होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मिल्क पाउडर से खोया बनाया जा सकता है। लेकिन इसमें कुछ लोग वनस्पति का इस्तेमाल करते हैं जो कि गलत है। वह देसी घी का इस्तेमाल क रें तो गलत नहीं होगा। इसी तरह पनीर में 50 प्रतिशत फैट होना चाहिए और खोया में 30 प्रतिशत मिल्क फैट। 25 जुलाई को मीट एवं मीट प्रोडक्ट के संबंध में लखनऊ में बैठक होगी। फिर जिला स्तर पर जानकारी दी जाएगी। इस दौरान एफएसओ अनिल गंगवार, अमित कुमार, रीना शर्मा, दलवीर सिंह, सुभाष, विपिन, परमवीर, अनंत कुमार और सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।