प्रतिस्पर्धा की दौड़ में बीएसएनएल ने दिया आकर्षक प्लान
- 777 रुपये में 50 एमबीपीएस स्पीड़ के साथ 90 दिन अनलिमिटेड कॉल और डाटा मिलेगा
मेरठ। मोबाइल कंपनियों में चल रही प्रतिस्पर्धा के चलते बीएसएनएल ने भी कई लुभावने प्लान मार्केट में उतार दिए हैं। शास्त्री नगर दूरभाष केंद्र में उत्तर प्रदेश पश्चिम दूरसंचार निगम के मेरठ परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक एचएस शर्मा ने ये प्लान लांच किए है। प्लान पश्चिमांचल के जिलों में उपलब्ध होंगे। लांचिंग मौके पर पत्रकार वार्ता में इनकी जानकारी महाप्रबंधक ने दी।
प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि निगम ग्रामीण केबिल ऑपरेटरों के साथ मिलकर गांवों तक ब्राडबैंड सेवा पहुंचाएगा इसके लिए एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में ऑप्टिकल फाइबर बिछाया जा रहा है। हाईस्पीड डाटा के लिए दो नए वाउचर भी लांच किए हैं। पश्चिमांचल के सभी जिलों के लिए 90 दिन की प्रमोशन स्कीम लांच की गई है। इसमें 777 रुपये के प्लान में 50 एमबीपीएस और 1277 रुपये के प्लान में 100 एमबीपीएस स्पीड़ होगी। दोनों स्कीम में अनलिमिटेड कॉल और डाटा उपलब्ध होगा। इस मौकै पर जनसंपर्क अधिकारी वीपी सिंह, एनएस शर्मा, अरुण शर्मा, मुनेंद्र नाथ, बिजेंद्र सिंह आदि अधिकारी शामिल रहे।
एक कनेक्शन के साथ एक फ्री
ऐसे पुराने लैंड लाइन उपभोक्ता जिन्होंने केवल वन वे सिस्टम वाला प्लान लिया हुआ है उन्हें एक कनेक्शन के साथ एक कनेक्शन फ्री दिया जाएगा। दूसरे कनेक्शन का रेट नहीं लगेगा और कॉल चार्ज पर भी 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। ब्राडबैंड सेवाओं के 249 रुपये के प्लान को उपभोक्ताओं के लिए और अधिक आकर्षक बनाया गया है। इसमें आठ एमबीपीएस स्पीड पांच जीबी तक और उसके बाद एक एमबीपीएस स्पीड 24 घंटे तक देश भर में बीएसएनएल के नेटवर्क पर उपलब्ध होगी।
फैमिली प्लान
फैमिली प्लान में 1199 रुपये के तहत एक लैंडलाइन टेलीफोन ब्राडबैंड के साथ तीन मोबाइल कनेक्शन फ्री दिए जाएंगे। जिसमें लैंड लाइन और तीनोें मोबाइल कनेक्शनों पर असीमित बातें और डाटा की सुविधा मिलेगी। इसमें ब्राडबैंड पर 10 एमबीपीएस 30 जीबी तक और उसके बाद दो एमबीपीएस की स्पीड से प्रतिदिन स्पीड़ मिलेगी।
99 रुपये में प्रतिदिन 1.5 जीबी
निगम ने 99 रुपये मासिक प्लान में प्रतिदिन 1.5 जीबी, 199 में पांच जीबी, 299 में 10 जीबी और 491 रुपये में 20 जीबी डाटा प्रमोशनल प्लान के तहत उपलब्ध करा रहा है।
1099 में साल भर सेवा
इंटरनेट टेलीफोनी सेवा विंग्स नाम से इसी महीने शुरू होने जा रही है। इसका रजिस्ट्रेशन 1099 रुपये में होगा। इस प्लान में एक साल के लिए मुफ्त ऑडियो और वीडियो कालिंग की सुविधा किसी भी नेटवर्क पर उपलब्ध होगी।
ऑन लाइन रिचार्ज से भी मिलेगी छूट
300 से अधिक के रिचार्ज पर 10 रुपये, 150 से अधिक पर पांच रुपये की छूट मिलेगी। प्रमोशनल ऑफर के तहत 21 सितंबर तक 50 रुपये का टॉपअप कराने पर फुल टॉक टाइम। इसके अलावा रोमिंग में फ्री इनकमिंग वॉयस काल की सुविधा 15 जून 2019 तक मिलेगी।