एमएसपी के खिलाफ किसान अधिकार यात्रा 26 से
मेरठ। किसानों ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित खरीफ फसलों के एमएसपी को नकार दिया है। राष्ट्रीय किसान महासंघ ने इसके खिलाफ आगामी 26 जुलाई से किसान अधिकार यात्रा निकालने का आह्वान किया है। महासंघ से जुड़े भारतीय किसान आंदोलन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने बताया कि दिल्ली में हुई महासंघ की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक में घोषित एमएसपी का निंदा प्रस्ताव पास किया गया। महासंघ नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार ने एमएसपी ए2+एफएल फार्मूले से दिया है जबकि किसानों ने सी2 फार्मूले पर लागत से 50 फीसदी अधिक एमएसपी की मांग की थी। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट भी सी2 फार्मूले का समर्थन करती है। किसान अधिकार यात्रा कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकाली जाएगी, जो किसानों को केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों से अवगत कराकर आंदोलन के लिए खड़ा करेगी।