एडीजी-आईजी ने पैदल मार्च कर जाना शहर का हाल
मेरठ। ईद के मद्देनजर शहर में कडे़ सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को एडीजी और आईजी समेत पुलिस महकमे के तमाम आला अफसर सड़कों पर उतरे। अफसरों ने पैदल मार्च से शहर का हाल जाना और सुरक्षा इंतजामों को परखा।
बृहस्पतिवार शाम को एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार और आईजी रामकुमार पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा प्लान देखा। एडीजी ने घंटाघर से सराफा बाजार, घंटाघर, कोतवाली, बुढ़ाना गेट सहित शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में हापुड़ अड्डे तक पैदल मार्च किया। सराफा व्यापारियों ने एडीजी का स्वागत किया और सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्टि जताई। इनमें मेरठ बुलियन एसोसिएशन के मंत्री नरेश कुमार माहेश्वरी, मुकुल जैन, अनिल शारदा, गोपाल अग्रवाल, बिहारी सेठ, सुरेंद्र चौरसिया सचिन आदि व्यापारी थे। रास्ते में कई जगह उन्होंने संदिग्ध लोगों को भी चेक किया। उनके साथ एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी के अलावा कोतवाली और सिविल लाइन क्षेत्र के सीओ और कई थानाध्यक्ष भी रहे। उधर आईजी जोन रामकुमार और एसपी सिटी रणविजय सिंह ने शाही ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दिल्ली रोड, फुटबाल चौक, माधवपुरम, ब्रह्मपुरी के संवदेनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। उनके साथ ब्रह्मपुरी सीओ कई थानाध्यक्षों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी साथ थी।
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी
शहर की संवेदनशीलता को देखते हुए इस बार ईद के मौके पर कडे़ सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के अनुसार शहर में घंटाघर, कोतवाली, लिसाड़ी गेट, नूरनगर, शाहपीर गेट, खैर नगर, जली कोठी, रजबन, माधवपुरम, तीरगरान, गुदड़ी बाजार सहित 20 से अधिक मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील स्थान हैं। इन सभी स्थानों पर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात रहेगी।
ईद पर मुख्य रूप से रेलवे रोड स्थित शाही ईदगाह, शाही जामा मस्जिद, बाले मियां, मनसबिया आदि में नमाज होती हैं जिनमें लाखों, हजारों की संख्या रहती है। एसपी सिटी रणविजय सिंह के अनुसार अधिक संख्या वाले स्थानों पर नमाज से पहले बैरियर लगाकर मार्ग बंद कर दिया जाएगा। इन मार्ग से केवल नमाज पढ़ने वालों को भेजा जाएगा। शुक्रवार शाम को सभी मुख्य ईदगाहों पर बड़ा सर्च अभियान चलेगा और इसके बाद यहां पर पुलिस बल तैनात कर दिया जाएगा।
खुफिया एजेंसी भी सतर्क
ईद के मद्देनजर खुफिया एजेंसियां भी शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय हो गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। ईदगाह स्थलों के आसपास भी मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की तैयारी है।
खास बातें:
ईद पर शहर के चप्पे चप्पे पर होगी कड़ी सुरक्षा, आज शाम चलेगा सर्च अभियान