मेरठ। शनिवार को शादी सीजन का जबर्दस्त साया था। रात को चढ़त का दौर चला तो शहर में रुक रुककर कई बार जाम के हालात बने ।
बड़े साये के चलते शहर के अधिकांश विवाह मंडप तो बुक थे ही। गली मोहल्लों के मैदानों या गलियों में टेंट लगाकर शादियां हुई। सुबह के वक्त भी शहर में जाम लगता रहा। रात को सड़कों पर चढ़त शुरू हुईं तो स्थिति बिगड़ने लगी। दरअसल शहर में करीब 250 विवाह मंडप हैं। इनमें से अधिकांश मुख्य मार्गों पर पड़ते हैं। शादी में आने वालों के वाहन मंडप के बाहर ही खड़े होते हैं जिस कारण रोड पर कई बार जाम की विकट स्थिति बनी। हालांकि मंडलायुक्त की सख्ती के बाद पुलिस कुछ गंभीर हुई जिस कारण दिल्ली रोड पर कई जगह पुलिस सक्रिय नजर आई और लंबा जाम नहीं लगा।
टोल प्लाजा भी जाम से जूझा
मोदीपुरम में सिवाया टोल प्लाजा पर शनिवार को वाहनों का दबाव बढ़ गया जिससे वहां जाम लगा रहा। उधर दौराला पुलिस द्वारा दोपहर में एक वीआईपी गाड़ी को निकालने के लिए चार नंबर लेन को बंद कर दिया गया। जिस कारण करीब 20 मिनट तक यह लेन बंद रही तो जाम और ज्यादा बढ़ गया। इस दौरान मेरठ की ओर से भगवती कॉलेज तक वाहनों की लाइनें लग गईं। जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल रहा।