कंकरखेड़ा। रामनगर की गली नंबर-5 में एक व्यक्ति अपने कुत्ते को घर में बंद करके परिवार के साथ रिश्तेदारी में चला गया। करीब एक सप्ताह से भूखे प्यासे कुत्ते ने बुधवार देर रात लगातार भोंकना शुरू किया तो पड़ोसियों की सूचना पर एनीमल केयर सोसायटी और पुलिस पहुंची। घर का ताला तोड़कर कुत्ते को बंधनमुक्त कराया गया।
पुलिस के अनुसार यह व्यक्ति कुत्ते को जंजीर से दरवाजे के पास बांधकर गया। लेकिन उसके खाने पीने के लिए कोई प्रबंध करके नहीं गया। भूख प्यास से तंग कुत्ते ने भोंक-भोंक कर मोहल्ले वालों को परेशान कर दिया था। पुलिस की मौजूदगी में घर का ताला तोड़कर कुत्ते को बाहर निकाला गया। मोहल्ले वालों ने उसे खाना खिलाया। सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने मकान मालिक को कॉल कर हिदायत दी कि भविष्य में ऐसा न करें अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एनीमल केयर सोसाइटी के सचिव अंशुमलि वशिष्ठ, दीपा चौधरी, अंकिता शर्मा, आशुतोष भार्गव, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।