हर्बल रंगों के साथ खेलें स्वस्थ होली
होली के त्योहार के लिए बाजार में हर्बल गुलाल, रंग, चंदन की हो रही खरीदारी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
होली के रंगों में मिले केमिकल से बालों, त्वचा, आंखों को बचाने के लिए बाजार में हर्बल रंग भी मौजूद हैं। इनके इस्तेमाल से होली खेलकर स्वस्थ रह सकते हैं। बाजार में इस बार हर्बल रंगों व हर्बल गुलाल की खरीदारी काफी हो रही है। रंग व गुलाल के गिफ्ट पैक भी हैं। लोग इन्हें उपहार में देने के लिए भी खरीद रहे हैं। बाजार में सदर, पांडव नगर, साकेत, शारदा रोड, आबूलेन, बेगमपुल, गंगानगर, सेंट्रल मार्केट के बाजारों में होली के हर्बल रंग मिल रहे हैं।
सौ रुपये से शुरू गुलाल गिफ्टपैक
हर्बल रंगों व गुलाल का गिफ्ट पैक बाजार में 100 रुपये कीमत से प्रारंभ हैं। लाल, हरा, नीला, पीला व नारंगी रंग का हर्बल गुलाल अलग-अलग वजन के पैक में हैं। इसी तरह अलग-अलग रंगों के पैकेट से भी गिफ्ट पैक बनाए गए हैं। जो लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं।
चंदन क ी महकदार डिबिया
बाजार में होली के लिए चंदन की महकदार डिबिया है। 50 रुपये कीमत की इस डिबिया में लाल चंदन, केसरिया, सफेद व पीला चंदन है। गीले चंदन को लगाकर भी होली खेल सकते हैं। इससे माथे पर ठंडक रहेगी और खुशबू उत्साह को बढ़ा देगी।
होली खेलने से पहले ये बरतें सावधानी
हाथ, पैर और बालों में अच्छे से नारियल का तेल लगाएं।
नाखूनों पर नेलपेंट की मोटी परत चढ़ा लें, ताकि रंग से नाखून खराब न हों।
बड़े नाखूनों से होली नहीं खेलें।
सोने के आभूषण पहनकर होली न खेलें।
सूती व ढीले मजबूत कपड़े पहनकर होली खेलें।
सिर, दांत और आंखों में रंग डालने से बचें।
कभी भी सूखे रंग से होली न खेलें।
दमे और सांस के मरीजों को रंग न लगाएं।