हाइवे पर ट्रक ने दो बुग्गियों में मारी टक्कर, हंगामा
मेरठ। एनएच-58 पर भूड़बराल के पास रविवार सुबह रोड़ी और डस्ट से भरे ट्रक ने गन्ने की दो बुग्गियों में टक्कर मार दी। इससे बुग्गी क्षतिग्रस्त हो र्गइं और भैंसा, बैल व बुग्गी ले जा रहे दोनों किसान भी घायल हो गए। गुस्साए किसानों ने हाईवे पर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ की कोशिश भी की गई। किसानों ने आर्थिक सहायता और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
परतापुर थाना क्षेत्र के उपल्हेड़ा निवासी पुनीत और सचिन रविवार सुबह मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल में बुग्गी से गन्ना डालने जा रहे थे। भूड़भराल के पास पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी बुग्गियों में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बुग्गी पलट गईं और पुनीत व सचिन दूर जाकर गिरे। वहीं बुग्गियों में लदा गन्ना सड़क पर फैल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। उन्होंने ट्रक में तोड़फोड़ की कोशिश की। इस दौरान मिल की तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्राली भी हाइवे पर ही खड़ी कर दी गईं। जिससे वहां जाम लग गया।
किसानों ने कहा कि ओवरलोड ट्रक के कारण हादसे होते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। पशु चिकित्सक मौके पर बुलाए और घायल पशुओं का इलाज कराया। एक पशु की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं एक घंटे की मशक्कत करते हुए पुलिस ने जाम खुलवाया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया था। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बताया गया कि बीस दिन पहले भी परतापुर क्षेत्र में भैंसा बुग्गी में टक्कर लगने के बाद किसानों ने हाइवे पर जाम लगा दिया था।