ट्रांसपोर्ट नगर में वाणिज्य कर का छापा, पांच घंटे हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। ट्रांसपोर्ट नगर में छापेमारी करने आई वाणिज्य कर विभाग की टीम का ट्रांसपोर्टरों ने विरोध कर जमकर हंगामा किया। उन्हें एक ट्रांसपोर्टर के गोदाम का ताला नहीं तोड़ने दिया, करीब पांच घंटे बाद अधिकारियों को उसे सील कर जाना पड़ा।
वाणिज्य कर केज्वाइंट कमिश्नर धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि बुधवार देर रात सूचना मिली थी कि यश ट्रांसपोर्ट पर बिना पेपर के माल लाया गया है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे ज्वाइंट कमिश्नर ओपी वर्मा, डिप्टी कमिश्नर अभय शुक्ला, वीके गुप्ता, चार असिस्टेंट कमिश्नर, संतोष गौतम, आरके मौर्य, शोभित श्रीवास्तव और प्रमोद विश्वकर्मा आदि केसाथ छापेमारी करने ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्टर केगोदाम पर ताला लगा हुआ था, क्योकि ट्रांसपोर्टर बीमार थे। अधिकारी ट्रांसपोर्टर के गोदाम का ताला तोड़ने लगे, जिसका विरोध किया गया। वाणिज्य कर अधिकारियों ने पुलिस बल बुला लिया, मगर ट्रांसपोर्टर विरोध करते रहे। ट्रांसपोर्टरों का कहना था कि वाणिज्य कर विभाग की टीम ट्रक को सड़क पर पकड़े, गोदाम में बिना मालिक की मौजूदगी के घुसना गलत है। वे जेल चले जाएंगे, मगर ताला नहीं तोड़ने देंगे। ट्रांसपोर्टरों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। करीब पांच घंटे तक जद्दोजहद होती रही। बाद में अधिकारी गोदाम को सील कर चले गए। अब शनिवार को सील को खोला जाएगा। इस दौरान दीपक गांधी, प्रवीण चिन्योटी, सुरेंद्र शर्मा, अनुज विज, दीपक रहलन, मंगल राठी, सरदार खेता सिंह, देवीचरन, अशोक शर्मा, कालू मनचंदा, गौतम विनायक आदि रहे।
खास बात
वाणिज्य कर अधिकारियों को नहीं तोड़ने दिया ताला, ट्रांसपोर्टर केगोदाम को किया सील