मेरठ। सीसीएसयू स्पोर्ट्स कोटे के दाखिले के लिए ट्रायल ले रही है। विश्वविद्यालय कैंपस में एक से चार सितंबर तक ट्रायल चल रहे हैं। अभी तक ट्रायल देने वालों में कबड्डी और वॉलीबाल के खिलाड़ियों की संख्या अधिक है। आधे खिलाड़ी इन दोनों खेल में ट्रायल देने पहुंचे हैं। दो दिन अभी बाकी हैं। क्रिकेट के कम खिलाड़ी आ रहे हैं।
सत्र 2017-18 में स्पोर्ट्स कोटे से पिछले साल के मुकाबले इस बार कुछ ज्यादा दाखिले होने की उम्मीद है। पहले दिन 42 और दूसरे दिन 37 खिलाड़ी ट्रायल देने पहुंचे। स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. गुलाब सिंह रुहल के मुताबिक शनिवार को वॉलीबाल के 13 खिलाड़ी और क्रिकेट के सात खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। तीन आर्चरी के खिलाड़ी भी आए। फिटनेस टेस्ट के अलावा इनकी स्पोर्ट्स स्किल भी देखी गई। फुटबाल का भी ट्रायल हुआ। पहले दिन कबड्डी के 24 खिलाड़ी ट्रायल देने पहुंचे थे। जानकारों के मुताबिक यह दोनों पावर गेम हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बेल्ट में खेले जाते हैं। सीसीएसयू के दायरे में इनके अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं। माहौल भी वैसा है। एथलीट में खिलाड़ियों का दबदबा है। अगले दो दिन में एथलीट के खिलाड़ी ट्रायल देने पहुंचेंगे। उनकी संख्या अच्छी रहने का अनुमान है। स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले का आंकड़ा 100 के पार जाएगा। इन खिलाड़ियों की बदौलत विवि को अपनी टीम मजबूत होने की उम्मीद है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए टीम तैयार की जानी है।