मेरठ। मेरठ कॉलेज मैनेजमेंट चुनाव को लेकर मंगलवार को मेरठ कॉलेज परिवार की ओर से पैनल घोषित किया गया। पूर्व अध्यक्ष सेठ दयानंद गुप्ता ने पैनल की घोषणा की। अहम बात यह है कि सचिव पद पर मेरठ कॉलेज परिवार ने अपने पत्ते अभी पूरी तरह नहीं खोले हैं। दो प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है।
मंगलवार शाम को पैनल की घोषणा की गई। मेरठ कॉलेज परिवार ने अपने पिछले पदाधिकारियों के काम गिनाए। इस बार चुनाव में निर्वाचन आयोग की आईडी मान्य होगी। कॉलेज की ओर से जारी की गई आईडी से मतदान नहीं होगा। पैनल में अवैतनिक सचिव डॉ. राम कुमार गुप्ता को इस बार अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ाया जाएगा। अवैतनिक सचिव के पद पर अरविंद नाथ सेठ और मनीष प्रताप के नाम की घोषणा की है। चुनाव कौन सा प्रत्याशी लड़ेगा, यह 25 जुलाई को फाइनल हो जाएगा। उस दिन नाम वापसी है। चुनाव छह अगस्त को होना है। दूसरे पक्ष ने अभी अपने पैनल की घोषणा नहीं की है। एक-दो दिन में वह भी कर सकता है।