अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। चैंपियंस ट्राफी में भारत की हार पर कालका डेंटल कालेज में कश्मीरी छात्रों द्वारा देश विरोधी नारेबाजी का आरोप लगा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि कश्मीरी छात्रों ने पाकिस्तान के समर्थन और भारतीय टीम विरोधी आपत्तिजनक फोटो सोशल साइट्स पर शेयर की। हंगामे की सूचना पर मजिस्ट्रेट और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस को ये फोटो दिखाते हुए बजरंग दल नेता कश्मीरी छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जिद पर अड़ गए । सीओ से भी उनकी नोंकझोंक हो गई। दो घंटे चले ड्रामे के बाद पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत किया।
बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक बलराज डूंगर ,गोपाल शर्मा के साथ दर्जनों कार्यकर्ता बुधवार दोपहर परतापुर बाईपास स्थित कालका डेंटल कालेज पहुंचे ओर कालेज के गैर कश्मीरी छात्रों से बातचीत के बाद हंगामा शुरू कर दिया। कालेज में हंगामे पर कालेज प्रशासन में खलबली मच गई। प्रबंध तंत्र मौके पर पहुंचा। सूचना पर एसीएम संतोष बहादुर, सीओ ब्रह्मपुरी धर्मेंद्र यादव परतापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बजरंग दल नेता डूंगर ने आरोप लगाया कि मैच में भारत के हारने के बाद कश्मीरी छात्रों ने हॉस्टल कैंपस में जश्न मनाया। पाकिस्तान जिंदाबाद और हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए ।
पहले देशद्रोह की रिपोर्ट लिखो, बाद में करना जांच
बजरंग दल नेता बलराज डूंगर ने सीओ से कहा कि नारेबाजी और फोटो शेयर करने वाले कश्मीरी छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए। सीओ ने कहा कि पहले जांच होगी। इस पर बजरंग दल कार्यकर्ता भड़क गए । कहा कि ये फोटो प्रमाण नहीं है। सीओ ने कहा कि आरोप गंभीर हैं। लिहाजा जांच के बाद ही कुछ होगा। सीओ ने कहा कि यदि नारेबाजी हुई थी तो उसी दिन शिकायत की जानी चाहिए थी। चार दिन बाद ये मामला क्यों उठाया जा रहा है। इस पर बजरंग दल नेताओं ने कहा कि कालेज के कुछ छात्रों ने उसी दिन कालेज प्रशासन को अवगत कराया था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। ऐसे छात्रों को तुरंत रेस्टीकेट कर देना चाहिए। कालेज कैंपस में करीब डेढ़ से दो घंटे तक बखेड़ा चला। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं और गैर कश्मीरी छात्रों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के जमकर नारे लगाए।
कार्रवाई की जाएगी: प्रधानाचार्य
कालेज स्तर पर इस मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई दोषी मिलता है तो कालेज प्रशासन रेस्टीकेशन की कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेगा।
डा. सुमित मल्होत्रा, प्राचार्य, कालका डेंटल कालेज
स्टाफ के बयान लिये जा रहे हैं
मामला गंभीर है। लिहाजा इसकी गंभीरता से जांच होगी। कालेज स्टाफ के भी बयान लिए जा रहे हैं। बजरंग दल नेताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो की भी जांच होगी। जांच में यदि आरोप सही मिलते हैं तो सख्त दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेंद्र यादव, सीओ ब्रह्मपुरी
दोषी मिले तो देशद्रोह का मुकदमा
कई मामले में कई बातें सामने आ रही है। ये भी पता चला है कि किसी कश्मीरी छात्रा ने तीन चार दिन पहले किसी छात्र की शिकायत की थी, जिसकी जांच कालेज द्वारा चल रही है, लेकिन तमाम बिंदुओं पर जांच होगी। जांच में यदि बजरंग दल नेताओं के देश विरोधी नारेबाजी और फोटो शेयर करने के आरोप सही मिलते हैं तो आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी।
मान सिंह चौहान एसपी सिटी
खास बातें
- कालका डेंटल कालेज के कश्मीरी छात्रों पर बजरंग दल ने आरोप लगा हंगामा काटा, पुलिस से उलझे
- कहा-भारत की हार पर कालेज में मना जश्न, देश विरोधी फोटो सोशन साइट्स पर शेयर किए गए
- पुलिस ने पहुंचकर मामला संभाला, जांच बैठी