खरखौदा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत प्रत्येेक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में सास-बहू सम्मेलन कराकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही योजनाओं का सदुपयोग करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई योजनाओं का उपयोग करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए गांवों में सास-बहू सम्मेलन का आयोजन जारी है। शनिवार को खरखौदा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के गांव पांची, अतराड़ा, कैली एवं उलधन में सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें आशा, एएनएम एवं ग्राम प्रधान की मौजूदगी में सास और बहू पहुंचीं। सीएचसी प्रभारी डा. आरके सिरोहा के अनुसार जिन महिलाओं ने अपने बच्चों में पूर्ण टीकाकरण कराया है। जिन महिलाओं ने दो बच्चों के जन्म के बाद स्थायी रूप से परिवार नियोजन के साधनों का पूर्ण प्रयोग किया है। इन सभी महिलाओं को सम्मानित किया गया। गांव पांची में इस सम्मेलन में एएनएम सुधा सिंह, आगनबाड़ी कार्यकर्ता मधुबाला, अनिता त्यागी, रेनू त्यागी, मुनेश, सरिता देवी, अनिता, मालती देवी एवं विमलेश मौजूद रहीं।