अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
गन्ना समिति के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक बाबू के साथ डायरेक्टर रघुराज द्वारा अभद्रता तथा मारपीट के मामले में गन्ना समिति में दूसरे दिन भी तालाबंदी कर कर्मचारी हड़ताल पर रहे। पुलिस ने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक की तहरीर पर डायरेक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, समिति कर्मचारियों ने उपजिलाधिकारी को पत्र देकर आरोपी डायरेक्टर की गिरफ्तारी की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार गन्ना समिति परिसर में बने आवास पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक बाबू के पास पहुंचे डायरेक्टर रघुराज ने अभद्रता तथा मारपीट की थी। घटना का पता चलते ही समिति कर्मचारियों में रोष उत्पन्न हो गया तथा तालाबंदी कर हड़ताल पर चले गए। वहीं, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक बाबू ने डायरेक्टर रघुराज के खिलाफ अभद्रता करने तथा मारपीट करने की तहरीर दी थी। एसएसआई भरतलाल शाह ने बताया कि ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, आज दूसरे दिन भी घटना के विरोध में गन्ना समिति कर्मचारी तालाबंदी कर हड़ताल पर रहे। दूसरी ओर डायरेक्टर रघुराज ने भी शुक्रवार को ही ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पर अभद्रता तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। हालांकि उस पर समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। वहीं, गन्ना पर्यवेक्षक विनोद कुमार का कहना है मंगलवार को अन्य समितियों के भी कर्मचारी मवाना पहुंचेंगे तथा आगे की आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की
गन्ना पर्यवेक्षक संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने संघ की ओर से उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव को दिए पत्र में कहा कि ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के साथ हुई घटना के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ऐसी संभावना है कि जनपद मेरठ के गन्ना विकास विभाग के समस्त कार्यालयों में आगामी मंगलवार को समस्त कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। जिससे किसानों के कार्य प्रभावित होंगे और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। पत्र में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
एससीडीआई के खिलाफ तहरीर दी
सहकारी गन्ना समिति मवाना के डायरेक्टर रघुराज निवासी इकवारा ने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पर मारपीट करने एवं जान से मारने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। डायरेक्टर ने बताया कि वह ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के पास गए थे। आफिस पहुंचने पर पता चला कि वह अभी नहीं पहुंचे। जिस पर चपरासी द्वारा पूछने पर पीड़ित उनके आवास पर चला गया। वहां पहुंचने पर पीड़ित ने कहा कि कृषकों की मांग है कि गन्ना सेंटरो पर घटतौली हो रही है। इसकी जांच करने के लिए चलो। गन्ना निरीक्षक पर आरोप लगाया कि उन्होंने पीड़ित के साथ अभद्रता की। इसके बाद दो नकाबपोश युवक ने वहां पहुंचे और उससे मारपीट की तथा तमंचा निकालकर जान से मारने की नियत से तान दिया। गांवड़ी निवासी डायरेक्टर आदेश और कैलाश ने बचाया। थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, थाना प्रभारी प्रविंद्र पाल सिंह का कहना कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक से मारपीट का मामला