केन यार्ड में मिला बाहरी क्षेत्र का ट्रक
केन मैनेजर को दी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
मिल यार्ड में गन्ना समिति चेयरमैन विनोद भाटी, सचिव अनिल कुमार तथा ब्लॉक प्रमुख ने वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान नंगलामल क्षेत्र का गन्ने से लदा ट्रक मिलने पर सीनियर कैन मैनेजर वीरेंद्र सिंह को फटकार लगाई। साथ ही आगे ऐसा मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
किसानों में पर्चियाें को लेकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार मिल से समय पर पर्ची नहीं आ रही है। इसके चलते समय पर खेत खाली नहीं हो पा रहा है। साथ ही बुआई भी प्रभावित हो रही है। किसान संगठनों ने मिल पर बाहरी गन्ना खरीदने का आरोप लगाया था। साथ ही सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा था। गन्ना समिति सचिव अनिल कुमार, चेयरमैन विनोद भाटी और ब्लॉक प्रमुख प्रेम सिंह शाम के समय मिल के केन यार्ड पहुंचकर वहां खडे़ गन्ने से लदे वाहनों की पर्चियां चेक की। सचिव ने बताया कि जांच में ट्रक नंगलामल के अहमदपुरी क्षेत्र से पहुंचा था। चेयरमैन और सचिव ने सीनियर कैन मैनेजर वीरेंद्र सिंह को चेतावनी दी कि आगे ऐसा मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, चेयरमैन ने बताया कि मिल के गेटों पर समिति के दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, ड्यूटी तीन शिफ्ट में रहगी। वहीं, गन्ना लेकर आने वाले वाहनाें की जांच की जाएगी। दिसंबर में ओवरलोड नहीं काटे जाने के आदेश दिए गए हैं। इस मौके पर किसान धनपाल सिंह, कुलदीप, हरबीर सिंह, हरेंद्र, ओमवीर सिंह, नरेंद्र आदि रहे।
बाहर से नहीं खरीदा गन्ना
मवाना। मवाना शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक प्रमोद बालियान ने कहा कि किसानों द्वारा लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। बाहर से गन्ना खरीदने का उन्होंने पूर्ण रुप से खंडन किया। उनका कहना था कि गन्ना आयुक्त द्वारा 140 क्रय केंद्र मिल को आवंटित किए थे। जिनको समय से संचालित कर मवाना चीनी मिल गन्ना आयुक्त द्वारा जारी सट्टा नीति के अनुसार समानुपाति गन्ना खरीद समिति द्वारा जारी वैध पर्चियों पर ही की जा रही हैं। मवाना शुगर मिल के द्वारा कोई भी बहार से अवैध गन्ना खरीद फरोख्त नहीं की गई है।