अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम।
हाईवे पर सोमवार देर रात बाइक सवार तीन युवकों को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दौराला कस्बा स्थित बंगला कॉलोनी निवासी विकास, अंकित (25) पुत्र सुभाष एवं दौलत राम कॉलोनी निवासी प्रशांत सोमवार देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर मेरठ से लौट रहे थे। हाईवे पर नारायण फार्म हाउस के सामने पीछे से आए एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस और टोल एंबुलेंस तीनों को अस्पताल ले जाने लगी। लेकिन रास्ते में ही अंकित की मौत हो गई। वहीं विकास और प्रशांत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
बंगला कॉलोनी के लोगों ने बताया कि अंकित इकलौता था। उसकी दो बहनें हैं। उसके पिता सुभाष मजदूरी करते हैं। अंकित दौराला शुगर मिल में काम करता था। उस पर ही बहनों की शादी की जिम्मेदारी थी। लोगों के अनुसार अंकित का व्यवहार काफी अच्छा था। वहीं इकलौते बेटे की मौत के बाद पिता सुभाष, मां विमला और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हेलमेट नहीं पहना था
पुलिस के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेल्मेट नहीं पहना था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति काफी तेज थी। वाहन की टक्कर लगते ही अंकित का सिर डिवाइडर पर जा लगा। सिर में चोट होने के कारण और खून निकलने पर उसकी मौत हो गई। उधर, कार्यवाहक एसओ उपेंद्र मलिक का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अभी तहरीर नहीं आई है।
खास बात
तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मेरठ से लौट रहे थे
रास्ते में हाईवे पर किसी वाहन ने मारी टक्कर, दो युवकों की हालत गंभीर